अभिनेता-सिंगर पीयूष मिश्रा ने शनिवार को झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उन्हें अपना समर्थन दिया। पीयूष मिश्रा रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे, जहां सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवार पिछले दो हफ्तों से प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह उनके आंदोलन का समर्थन करते हैं, क्योंकि छात्र बिना किसी राजनीतिक दल के समर्थन के लगातार अपना प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों से बात करते हुए अभिनेता ने कहा, “मेरी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी और मेरी तरफ से जो भी संभव होगा, मैं आपके समर्थन के लिए करूंगा।” इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विचार करने और उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह भी किया। पीयूष ने मंच पर अपना मशहूर गाना ‘आरंभ है प्रचंड’ भी गाया।
पत्रकारों से क्या बोले पीयूष मिश्रा
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए पीयूष ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर और रांची में हो रहे प्रदर्शन को अलग-अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “दिल्ली के विरोध प्रदर्शन में पूरे भारत से युवा शामिल हुए। झारखंड भी देश का ही हिस्सा है, इसलिए यहां हो रहे विरोध प्रदर्शन को अलग तरह से नहीं देखा जाना चाहिए। मुझे लगता है कि सभी को इस बारे में बात करनी चाहिए।”
इसके बाद आंदोलन कर रहे एक नेता ने कहा कि पीयूष मिश्रा के आने से प्रदर्शन कर रहे छात्रों का हौसला बढ़ा है। शख्स ने कहा, “वह बॉलीवुड से हमारे आंदोलन को समर्थन देने आए। उन्होंने हमारे प्रदर्शन के तरीके की भी तारीफ की।” राज्य सरकार और पांच छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत से कोई समाधान नहीं निकलने के बाद यह आंदोलन 15वें दिन में पहुंच गया है।
झारखंड में क्यों चल रहा छात्रों का प्रदर्शन?
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार रविवार तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो वे 10 अगस्त को विधानसभा की तरफ मार्च करेंगे। बता दें कि झारखंड की राजधानी रांची में 29 जुलाई से बड़ी संख्या में छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। ये प्रदर्शन झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितताओं और धांधली के आरोपों को लेकर हो रहा है।
