हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक तरफ ‘हनुमान अंश’ और ‘दृश्यम 3’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही हैं तो दूसरी तरफ विवाद चल रहा है। सिनेमा जगत के दो दिग्गज एक्टर, नसीरुद्दीन शाह और पीयूष मिश्रा के बीच बीते कुछ वक्त से जुबानी जंग छिड़ी हुई है।
नीट का पेपर लीक होने के चलते दिल्ली में प्रोटेस्ट हुआ। इसपर बॉलीवुड सेलेब्स की चुप्पी पर नसीरुद्दीन शाह ने निशाना साधा था। इसके बाद झारखंड में हुए स्टूडेंट प्रोटेस्ट में पहुंचकर पीयूष मिश्रा ने उन्हें जवाब दिया। पीयूष ने झारखंड में सपोर्ट ना दिखाने पर नसीरुद्दीन शाह से सवाल भी पूछा था।
पीयूष मिश्रा ने किए सवाल
अब मुंबई में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) फिर से आंदोलन में जुटी हुई है। सीजेपी के इस नए प्रोटेस्ट में नसीरुद्दीन शाह भी शामिल हुए। ऐसे में पीयूष मिश्रा ने देश में चल रहे दूसरे मुद्दों को लेकर उनसे कई सवाल पूछे हैं।
शुक्रवार, 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी का विरोध प्रदर्शन हुआ। यहां बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह भी अपना समर्थन देने पहुंचे। उनके अलावा भी कई हस्तियां यहां नजर आईं। अब एक्टर पीयूष मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने एक बार फिर से नसीरुद्दीन शाह से तीखे सवाल किए हैं और उन पर तंज कसा है।
पीयूष मिश्रा ने वीडियो में कह रहे हैं, ‘हां, नसीर साहब, आदाब अर्ज करता हूं। मैं पीयूष मिश्रा हूं, आपका पुराना जानकार। आप अभिजीत दिपके से मिले, बड़ा अच्छा लगा। अभी सर एक हादसा होते-होते टला है। यह तेल अवीव से जाने वाली फ्लाइट, दुबई से जाने वाली फ्लाइट 1073 फ्लाई दुबई में हुआ। इसमें मिस्टर स्मित मच्छार (Smit Machchhar) ने बहादुरी दिखाते हुए 180 लोगों की जान बचाई हैं। उस पर भी जरा थोड़ा-सा कमेंट कीजिए, बधाइयां दीजिए सर उन्हें।’
उन्होंने आगे कहा, ‘दूसरी बात यह है कि सर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में भी एक मैसेज भेजिए सर। वहां पर भी बच्चे पढ़ते हैं, बड़ा खतरनाक हादसा हुआ वहां पर। लड़कियों के बाल पकड़ के गिराया गया है पुलिस के द्वारा। घमासान हुआ है, आगजनी हुई है। आप तो बोल रहे थे न कि ‘मुझे जितना राष्ट्रीय ड्रामा एकेडमी और FTII ने सिखाया है, उतना इन बच्चों ने सिखाया है’… तो मुझे मालूम नहीं कि ये बच्चे कब से एक्टिंग टीचर हो गए। मिले तो खुलासा कीजिएगा इसका… लेकिन वहां पर भी उतना ही खतरनाक हादसा हुआ है। तो कृपया वहां पर भी जरा बच्चों को संवेदना दीजिए, एक मैसेज भेजिए उनके लिए।’
पीयूष मिश्रा ने यह भी कहा, ‘तीसरा सर मैंने झारखंड के लिए आपसे मदद मांगी थी सर, तो आपने एक पाकिस्तानी शायरा की नज्म भेज दी थी। माफ कीजिएगा सर, वहां शायरा की नज्म नहीं चाहिए। वहां पर आटा चाहिए था, दाल चाहिए थी, रोटी चाहिए थी, वहां पर गुड़ चाहिए था, लिट्टी चाहिए था, चोखा चाहिए था। उन्हें कोई पिज्जा या बर्गर नहीं चाहिए था सर।’
अपनी बात को खत्म करते हुए पीयूष मिश्रा ने कहा, ‘ठीक है सर? तो धन्यवाद करता हूं। अब आप जब भी कोई स्टेटमेंट देंगे, पीयूष मिश्रा का जवाब मिलेगा आपको। धन्यवाद सर, आपका बच्चा पीयूष मिश्रा। इंकलाब जिंदाबाद सर, थैंक यू’।
और पढ़ें: ‘ये रिश्ता…’ एक्टर मोहसिन खान ने रचाई शादी, तमन्ना संग शेयर की निकाह की तस्वीर
सीजेपी इस वक्त चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग को लेकर प्रोटेस्ट कर रही है। यह प्रोटेस्ट मुंबई में हो रहा है, जिसमें नसीरुद्दीन शाह, विशाल ददलानी समेत कई सेलेब्स सपोर्ट करने पहुंचे थे।
