आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ न केवल भारत बल्कि ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल दिखा रही है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद से ही इस फिल्म को लोग बार-बार देख रहे हैं। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म को पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर बैन किया गया है, फिर भी वहां लोग इसे धड़ल्ले से देख रहे हैं और ऐसा इसलिए क्योंकि वहां ‘धुरंधर’ क पायरेटेड कॉपी बिक रही है और वो भी 50 रुपये में।
पायरेसी के चलते यह फिल्म अवैध रूप से वहां पहुंच चुकी है। हाल ही में, न्यूजीलैंड के यूट्यूबर और ब्लॉगर कार्ल रॉक ने अपने व्लॉग्स में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में ‘धुरंधर’ बेहद कम कीमतों पर बेची जा रही हैं।
लगभग 30 मिनट के एक व्लॉग में, कार्ल कराची के सदर बाजार स्थित रेनबो सेंटर पहुंचे। ये वो जगह है जो गेमिंग के साथ-साथ पाकिस्तान की ब्लैक मार्केट एंटरटेनमेंट इकोनॉमी की रीढ़ माना जाता है। वहां के अलग-अलग दुकानदारों से बात करते हुए, कार्ल एक दुकान पर पहुंचे जहां डेस्कटॉप पर ‘धुरंधर‘ का पोस्टर लगा हुआ था। उन्होंने दुकानदार से पूछा, “यह भारत की नई फिल्म है, है ना?” दुकानदार ने कहा, “हां, यह भारत की नई फिल्म है, धुरंधर।”
दुकान में लगे हैं ‘धुरंधर’ के पोस्टर
इसके बाद अपने कैमरे की ओर देखते हुए कार्ल ने अपने दर्शकों को कहा, “और मैं आपको रणवीर सिंह के बारे में एक-दो बातें बता सकता हूं। वह सिंधी हैं। उनके माता-पिता, या यूं कहें कि उनके दादा-दादी, इसी शहर के हैं और वे विभाजन के दौरान भारत आए थे। जी हां, भारत के बहुत प्रसिद्ध सिंधी हैं।” जब कार्ल ने कीमत पूछी, तो दुकानदार ने कहा, “यह 50 रुपये का है।” हैरान होकर कार्ल ने कहा, “बस इतना ही? बहुत सस्ता।” दुकानदार ने बताया कि फिल्म यूएसबी पर 50 रुपये की है, लेकिन अगर आप इसे डीवीडी पर लेना चाहते हैं, तो यह लगभग 300 रुपये की होगी।
यह भी पढ़ें: प्यार या टॉक्सिक रोमांस: 365 दिनों की वो कहानी जो सोचने पर कर देगी मजबूर
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ‘धुरंधर’ को पाकिस्तान में सिर्फ दो हफ्तों में कम से कम 20 लाख बार अवैध रूप से डाउनलोड किया गया, जिससे यह देश की सबसे अधिक पायरेटेड फिल्म बन गई, जिसने रजनीकांत की 2.0 और शाहरुख खान की रईस को भी पीछे छोड़ दिया। फिल्म के विदेशी वितरक, प्रणब कपाडिया ने सीएनएन न्यूज 18 से प्रतिबंध के व्यावसायिक प्रभाव के बारे में बात की।
