विदेश में नाम रोशन करने वालीं देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने न्यूयॉर्क में अपना होमवेयर ब्रांड लॉन्च किया है। जिसमें बिकने वाले सामान काफी महंगे बताए जा रहे हैं और कीमत को लेकर लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं। इससे पहले भी प्रिंयका ने वहां एक रेस्टोरेंट खोला था और अब उन्होंने किचन से लेकर होम डेकोर आइटम्स की कंपनी खोली है।
प्रियंका की कंपनी का नाम ‘सोना होम’ है। प्रियंका की कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन शॉपिंग भी कर सकते हैं। वैसे उनकी कंपनी का सामान है तो काफी खास और बेहतरीन, लेकिन अधिक दाम के कारण लोग उसे खरीदने से डर रहे हैं और आलोचना कर रहे हैं।
सोना होम में डिनर सेट, टेबल क्लॉथ, बार एंड डेकोर और तोहफे समेत कई सामान है। प्रियंका ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट शेयर किया है। जिसपर कई लोगों ने उनके ब्रांड और उसके सामान की तारीफ की है। लोगों ने उनकी कंपनी के आइटम को काफी अलग और भारत की संस्कृति से जुड़ा बताया है, लेकिन महंगे होने के कारण लोग इसकी बुराई भी कर रहे हैं।
ब्रांड की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक टेबल क्लॉथ की कीमत लगभग 30, 631 रुपये और 31, 421 रुपये है। जबकि डिनर नैप्कीन की कीमत 13,263 रुपये है और एक सर्विंग बाउल 7,736 रुपये का है और अंडाकार एक प्लेट 15,631 रुपये की है।
आपको बता दें कि प्रियंका ने साल 2021 में सोना नाम से रेस्टोरेंट खोला था, जिसके बाद अब इसी नाम से उन्होंने होम डेकोर का बिजनेस शुरू किया। प्रियंका ने अपने बिजनेस पार्टनर मनीष गोयल के साथ मिलकर ये नया ब्रांड लॉन्च किया है।
प्रिंयका के ब्रांड लॉन्चिंग के दिन इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर फैंस के साथ ये खुशी साझा की थी। प्रियंका ने बताया कि विदेश में उनके लिए घर बनाना मुश्किल था, लेकिन उनके दोस्त और परिवार की मदद से ये आसान हो गया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका फिल्म ‘टेक्स्ट फॉर यू’ और ‘मैट्रिक्स 4’, ‘इट्स ऑल कमिंग बैक टू मी’ और ‘एंडिंग थिंग्स’ में जल्द दिखने वाली हैं। इतना ही नहीं प्रियंका लंबे समय के बाद बॉलीवुड में भी वापसी कर रही हैं। आलिया भट्ट और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘जी ले जरा’ में प्रियंका भी मुख्य किरदार में दिखेंगे।