बॉलीवुड एक्टर और आमिर खान के भतीजे इमरान खान इन दिनों चर्चे में हैं। 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन में वो शामिल हुए थे। इमरान खान के साथ यहां उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और कजिन जैन मैरी पहुंची थीं। तीनों को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
इमरान के डिटेन होने के फोटोज और वीडियो इंटरनेट पर खूब धड़ल्ले से वायरल हुए। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि तब से अभी तक इमरान खान बड़ी मुश्किलों में फंस चुके हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़कर जाने को कह दिया है। इसकी वजह एक्टर के पास अमेरिकी नागरिकता होना है।
पायल रोहतगी ने क्या कहा?
इस बीच एक्ट्रेस पायल रोहतगी ने इमरान खान पर तीखा हमला किया है। फिल्मी पर्दे से दूर पायल ने इमरान को ‘बेरोजगार एक्टर’ बताया। IANS से हाल ही में बातचीत में पायल रोहतगी ने कहा, ‘उन्हें पता होना चाहिए कि उन्हें इतनी बेवकूफी भरी हरकत नहीं करनी चाहिए। वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, वह अमेरिकी नागरिक हैं। पहले तो आप एक अमेरिकी नागरिक हैं उस पर आप भारत में रह रहे हैं, यहां काम कर रहे हैं, आपने शादी की, लेकिन मुझे लगता है कि आपने वीजा नहीं लिया, या मुझे नहीं पता, उनका तलाक हो गया है या ऐसा कुछ।’
उन्होंने आगे कहा, ‘तो आप विरोध स्थल पर क्यों जा रहे हैं? बहुत सारे बेरोजगार एक्टर, जॉबलेस एक्टर इन विरोध प्रदर्शनों में जाते हैं ताकि उन्हें विजिबिलिटी मिल सके, क्योंकि वहां आप सब मौजूद होते हैं, है ना? क्योंकि विरोध को कवर करने की जरूरत होती है, इसलिए बहुत सारे बेरोजगार एक्टर्स वहां जाते हैं।’
गर्लफ्रेंड ने शेयर की पोस्ट
10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई-दिल्ली समेत देश के अलग-अलग शहरों में विरोध प्रदर्शनों रखे गए थे। इमरान खान से देश छोड़ने की मांग को लेकर फिल्ममेकर और आमिर खान की एक्स वाइफ किरण राव ने भी बात की। मामले पर अपने रिएक्शन देते हुए किरण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘वाह, तो अब मुंबई पुलिस?’


इस खबर पर प्रतिक्रिया देने वाली किरण अकेली नहीं थीं। एक्ट्रेस सबा आजाद ने इसे ‘बकवास’ बताया था। इमरान खान को मिले नोटिस के बारे में एक पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘क्या? ये तो एकदम बकवास बात है।’ किरण और सबा के बाद इमरान की गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन ने एक फोटो पोस्ट शेयर की। इसमें दोनों को डिटेंशन वैन में बैठे देखा जा सकता है। इसके साथ उन्होंने ढेरों हार्ट इमोजी लगाई।
क्यों भेजा गया इमरान को नोटिस?
बताया गया था कि इमरान खान को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) द्वारा 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है। FRRO द्वारा जारी नोटिस को चुनौती देने के लिए इमरान, बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
इमरान को अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शनों में कथित तौर पर गैरकानूनी रूप से भाग लेने पर भारत छोड़ने का आदेश दिया गया था। FRRO ने अपने आदेश में कहा कि एक्टर ने कथित तौर पर विदेशी अधिनियम का उल्लंघन किया है, क्योंकि वह भारतीय नागरिक नहीं है और उसके पास भारत की ओवरसीज सिटीजनशिप (OCI) है, फिर भी उसने विरोध प्रदर्शनों में भाग लिया।
