Pawan Kalyan Birthday: तेलुगु एक्टर और आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके फैंस, परिवार वाले और फिल्मी जगत के कई सितारें उन्हें इस मौके पर बधाईयां दे रहे हैं। इसी बीच मेगास्टार चिरंजीवी ने अपने छोटे भाई को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक खास और भावुक पोस्ट किया, जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

एक्टर ने पवन कल्याण को तेलुगु इंसान का पसंदीदा शक्स बताया। साथ ही अपने छोटे भाई के काम, लगन और जनता के लिए समर्पण की बात करते हुए उनकी तारीफ की।

यह भी पढ़ें- बीमार बच्चे से मिल भावुक हुए पवन कल्याण, गले लगाकर रोए और इलाज के लिए दिए लाख रुपये

चिरंजीवी ने किया पवन कल्याण को बर्थडे विश

चिरंजीवी ने अपने एक्स अकाउंट पर पवन कल्याण के साथ दो शानदार तस्वीरों को साझा किया, जहां दोनों भाई एक-दूसरे को गले लगाते दिखे। पोस्ट में चिरंजीवी ने लिखा- “कल्याण बाबू, जो अपने हर संकल्प को पूरा करने के लिए जाने जाते हैं… बचपन से ही मैंने कल्याण बाबू में लोगों के लिए प्यार, जिम्मेदारी और कुछ अच्छा करने की इच्छा देखी है। वह जो भी काम शुरू करते हैं, उसे पूरी मेहनत और लगन के साथ पूरा करने की कोशिश करते हैं। उनकी सोच हमेशा यही रहती है कि उनके काम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा मिले।”

उपमुख्यमंत्री के तौर पर किए गए काम की तारीफ

“जिस तरह वह हमारे परिवार से प्यार करते हैं, उसी तरह उन लोगों की भी परवाह करते हैं, जिन्होंने उन पर भरोसा किया है। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद वह गांवों के विकास, आदिवासी इलाकों की तरक्की, पर्यावरण की सुरक्षा और लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

“कई ऐसी समस्याएं, जो लंबे समय से बनी हुई थीं, उनका स्थायी समाधान निकालने और दूर-दराज के इलाकों तक विकास पहुंचाने का उनका काम देखकर मुझे बहुत खुशी और गर्व होता है। पिथापुरम की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है और वह वहां के लोगों के लिए सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह उनके साथ खड़े हैं।”

पवन कल्याण- हर तेलुगु की पसंद

चिरंजीवी ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा “कल्याण बाबू लोगों की परेशानियों को अपनी परेशानी समझते हैं। मैं कामना करता हूं कि वह भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ें और हर तेलुगु व्यक्ति के पसंदीदा और सम्मानित नेता बनें।”

“मैं हमारे कुलदेवता भगवान अंजनेय स्वामी से प्रार्थना करता हूं कि कल्याण बाबू हमेशा स्वस्थ और खुश रहें, 100 साल की उम्र पाएं और आने वाले समय में और भी ज्यादा ऊर्जा के साथ लोगों की सेवा करते रहें। हमारे कल्याण बाबू को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।”

यह भी पढ़ें- ‘मैं अकेली और डरी हुई थी’, पवन कल्याण के राजनीति में आने पर छलका पत्नी अन्ना लेझनेवा का दर्द, बोलीं- कई बार टूट जाना चाहती थी

एक्ट्रेस श्रेया रेड्डी ने भी पवन कल्याण जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, उन्होंने लिखा- “जब लोग आपके बारे में बात करेंगे, तो कई तरह की बातें करेंगे। लेकिन मेरे लिए सबसे खास वो शांत बातें हैं, जैसे आप दूसरों की बात सुनते हैं, चीजें याद रखते हैं, और सबसे जरूरी बात, आप किसी की कही बात को असलियत में कैसे बदलते हैं।”

एक्ट्रेस ने पवन कल्याण से जुड़े कुछ किस्सों को मेंशन करते हुए लिखा- “भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका ने एक बार आपसे अपने गांव की सड़क में बात की थी। आपने उनकी बात सुनी। और उस पर काम भी किया।”

दूसरा किस्सा बताते हुए एक्ट्रेस लिखती हैं- “एक बुज़ुर्ग महिला ने एक बार आपसे उनके घर वापस आने को कहा था। सालों बाद, आपको वह वादा याद रहा और आप वहां वापस गए। जब हाथ से काम करने वाली महिलाओं को पढ़ने के चश्मे जैसी साधारण चीज की जरूरत पड़ी, तो आपने पक्का किया कि उन्हें वे मिलें। आप सुनते हैं। आप याद रखते हैं। और फिर आप काम करते हैं।”