बॉलीवुड अभिनेता परेश रावल ने फिल्म ‘OMG 2’ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उनका दावा है कि फिल्म का आइडिया और कहानी उनकी थी, लेकिन बाद में इसमें बड़े बदलाव कर दिए गए। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कहानी और कॉन्सेप्ट का कोई क्रेडिट नहीं दिया गया।

विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में परेश रावल ने बताया कि उन्होंने निर्देशक अमित राय के साथ मिलकर इस कहानी पर काम शुरू किया था। उनके मुताबिक, शुरुआती कहानी एक पिता और बेटे के रिश्ते पर आधारित थी और इसमें भगवान का कोई किरदार नहीं था।

भगवान की जरूरत ही नहीं थी

परेश रावल ने कहा कि मूल कहानी एक ऐसे लड़के की थी, जिसका निजी वीडियो वायरल हो जाता है और उसकी जिंदगी मुश्किलों से भर जाती है। उसका पिता खजुराहो मंदिर में टूरिस्ट गाइड था, जिसे बाद में महाकाल मंदिर का पार्ट-टाइम पुजारी बनाया गया। कहानी का मकसद सेक्स एजुकेशन जैसे संवेदनशील विषय को शिक्षाप्रद और मनोरंजक तरीके से पेश करना था। इसके लिए मशहूर सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश कोठारी की भी मदद ली गई थी।

उन्होंने बताया कि इस कहानी में किसी भगवान का किरदार नहीं था। पिता की मदद करने के लिए एक बाइकर का किरदार रखा गया था, जैसा कि फिल्म ‘मुकद्दर का सिकंदर’ में कादर खान का किरदार था। उनके मुताबिक, पहली ‘OMG’ में भगवान का होना कहानी की जरूरत थी, लेकिन ‘OMG 2’ की मूल कहानी में इसकी आवश्यकता नहीं थी।

यह भी पढ़ें: सच्ची घटना पर आधारित है अक्षय कुमार की फिल्म OMG 2, एक्टर बोले- क्या किसी ने हिम्मत की…?

अजय देवगन और सलमान खान को ऑफर किया था रोल

परेश रावल ने दावा किया कि उन्होंने इस बाइकर वाले किरदार के लिए पहले अजय देवगन और सलमान खान से संपर्क किया था। उन्होंने जानबूझकर अक्षय कुमार से बात नहीं की, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि इसे ‘OMG 2’ का सीक्वल समझा जाए।

अक्षय कुमार के आने के बाद बदल गई फिल्म

अभिनेता के अनुसार, बाद में निर्माता अश्विन वर्दे और निर्देशक अमित राय के जरिए यह स्क्रिप्ट अक्षय कुमार तक पहुंची। परेश रावल ने कहा कि अमित राय ने स्क्रिप्ट पर अस्थायी तौर पर ‘OMG 2’ लिख दिया था, क्योंकि उसका जॉनर पहली फिल्म से मिलता-जुलता था। इसके बाद अक्षय कुमार इस प्रोजेक्ट से जुड़ गए और फिल्म की दिशा बदल गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी इच्छा के खिलाफ इस कहानी को ‘OMG’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा बना दिया गया। उन्होंने अमित राय से कहा था कि इसे फ्रेंचाइजी न बनाया जाए, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।

यह भी पढ़ें: OMG 2 Controversy: रेलवे के पानी से भोलेनाथ का हुआ जलाभिषेक तो भड़के लोग, ‘ये ड्रेनेज का पानी है…’

इस वजह से छोड़ी फिल्म

परेश रावल ने बताया कि बाद में अक्षय कुमार ने खुद उन्हें फिल्म में काम करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं इस स्क्रिप्ट के साथ शुरुआत से जुड़ा था। मुझे पता था कि यह फिल्म कैसी होनी चाहिए थी। जब कहानी बदल गई और भगवान का किरदार जोड़ दिया गया, तब मैंने फिल्म छोड़ने का फैसला किया।” इसके बाद फिल्म में परेश रावल की जगह पंकज त्रिपाठी को मुख्य भूमिका दी गई।

मुझे कहानी का क्रेडिट तक नहीं मिला

परेश रावल ने यह भी दावा किया कि उन्हें फिल्म की कहानी या कॉन्सेप्ट का कोई श्रेय नहीं दिया गया। उनके मुताबिक, अमित राय, अक्षय कुमार, अश्विन वर्दे, अजय देवगन, सलमान खान और करण जौहर समेत सभी लोग जानते हैं कि इस कहानी का मूल आइडिया उनका था, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम कहीं नहीं जोड़ा गया।

CBFC से हुआ था विवाद

साल 2023 में रिलीज हुई ‘OMG 2’ को सेक्स एजुकेशन और धार्मिक विषयों की वजह से सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से आपत्तियों का सामना करना पड़ा था। कई बदलावों के बाद फिल्म को A सर्टिफिकेट मिला। साथ ही अक्षय कुमार के किरदार को भगवान शिव की जगह ‘शिव का दूत’ दिखाया गया था। करीब 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 221 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।