अभिनेता परेश रावल का कहना है कि फिल्म भूत बंगला के जरिए अपने पसंदीदा लोगों (अभिनेता अक्षय कुमार और फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन) के साथ फिर से काम करके उन्हें अच्छा लगा। ‘भूत बंगला’ में अक्षय, परेश और प्रियदर्शन की तिकड़ी लंबे अंतराल के बाद साथ है। तीनों ने हेरा फेरी, गरम मसाला, भूल भुलैया और भागम भाग के रूप में सिने प्रेमियों को कई हिट कामेडी फिल्में दी हैं।
भूत बंगला में परेश हेरा फेरी की अपनी सह-कलाकार तब्बू के साथ भी लंबे समय बाद स्क्रीन साझा कर रहे हैं। परेश ने जनसत्ता प्रिंट से बात करते हुए कहा, फिर साथ काम करके बहुत मजा आया। जिंदगी में कुछ चीजों का बेसब्री से इंतजार रहता है। कभी-कभार जब आप इतने अच्छे लोगों के साथ काम करते हैं, तो आपका सफर बहुत सुखद हो जाता है। इस तरह की कंपनी (साथ) से हीमोग्लोबिन बढ़ता है। आपका स्वास्थ्य बेहतर होता है।
अभिनेता ने कहा कि राजस्थान के चोमू पैलेस में भूत बंगला की शूटिंग के दौरान 2007 में प्रदर्शित फिल्म भूल भुलैया के फिल्मांकन के दिनों की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों फिल्में पूरी तरह से अलग हैं।
परेश ने कहा, भूत बंगला की सबसे दिलचस्प बात यह है कि पैलेस में एक शादी होने वाली है और भूत वहीं पर मौजूद है। आप कल्पना ही कर सकते हैं कि आगे क्या होगा। मैं कहूंगा कि यह खूबसूरती से फिल्माई गई हॉरर फिल्म है। आपने ऐसी खूबसूरत हॉरर फिल्म पहले कभी नहीं देखी होगी। उन्होंने प्रियदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा, मैंने उनके जैसे निर्देशक बहुत कम देखे हैं। अगर वह कहते हैं कि शूटिंग 10 दिन में पूरी हो जाएगी, तो वह नौ दिनों में ही पूरी कर देते हैं।
वह इतने स्पष्ट रुख के साथ काम करने वाले निर्देशक हैं। ऐसे व्यक्ति का इतने वर्षों तक (हिंदी फिल्मों से) दूर रहना ठीक नहीं है। लेकिन जब मैं सेट पर आया, तो मुझे बहुत अच्छा लगा। वही माहौल, वही जोश और वही अपनापन। भूत बंगला 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
