कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का रविवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। डीडी न्यूज के मुताबिक, 83 वर्ष की उम्र के बिरजू महाराज ने दिल्ली के साकेत के एक अस्पताल में आखिरी सांसें लीं। कला में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है। उनकी पोती रागिनी महाराज ने बताया कि एक महीने से उनका इलाज चल रहा था। लेकिन बीती रात उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिससे उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। हालांकि डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा पाए।
बिरजू महाराज के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी, सचिन तेंदुलकर और एक्ट्रेस यामी गौतम जैसे लोगों ने भी ट्वीट कर शोक जाहिर किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिरजू महाराज के निधन पर लिखा, “लेजेंड्री पंडित बिरजू महाराज का निधन एक दौर का अंत है। यह भारतीय संगीत और सांस्कृतिक स्थान में गहरा शून्य छोड़ देता है। वह एक प्रतीक बन गए थे और उन्होंने कथक कौ वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। नके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।”
बिरजू महाराज का जन्म 4 फरवरी, 1937 को लखनऊ में हुआ था। उनका असली नाम बृज मोहन नाथ मिश्रा था। वह एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते थे, जो कि कथक नृत्य के लिए खूब जाना जाता है। बिरजू महाराज के अलावा उनके पिता अच्छन महाराज, चाचा शंभु महाराज और लच्छू महाराज भी प्रसिद्ध कथक नर्तक थे।
सात वर्ष की उम्र में उन्होंने पहली बार लोगों के सामने कथक नृत्य किया था। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा था, “यह वाकई में एक एडवेंचर था। एक छात्र, परफॉर्मर और शिक्षक के तौर पर अपने सफर का हर लम्हा मुझे पसंद है।” वह कथक डांसर के साथ-साथ शास्त्रीय गायक भी थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान ‘देवदास’, ‘डेढ़ इश्किया’, ‘उमराव जान’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी कई फिल्मों में डांस कोरियोग्राफ किया था।
अपने सफर के बारे में बात करते हुए बिरजू महाराज ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा था, “एक कलाकार अपनी अंदरूनी भावनाओं को अपनी कला के जरिए पेश करता है, चाहे वह डांस हो, संगीत हो या फिर दृश्य कला रूप हो। मैं उस तरीके से सबसे अच्छे से व्यक्त करता हूं, जिससे मैं प्रेरित महसूस करता हूं। मैं खुद को नर्तक, गायक, कवि और चित्रकार जैसी कई कलाओं की टोपियां पहनने में सक्षम होने पर धन्य महसूस करता हूं।”
थिएटर एक्ट्रेस शाओली मित्रा का निधन: बता दें कि बिरजू महाराज के अलावा थिएटर एक्ट्रेस शाओली मित्रा का भी 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने थिएटर में एक एक्ट्रेस के साथ-साथ डायरेक्टर और प्लेराइट के तौर पर भी काम किया है। बताया जा रहा है कि उन्हें हृदय से संबंधित परेशानी थी, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने से इंकार कर दिया था। बीते रविवार को उनकी स्थिति ज्यादा खराब हो गई और उन्होंने दक्षिण कोलकाता में स्थित अपने घर पर आखिरी सांसें लीं।