पाकिस्तानी ड्रामा के गाने सिर्फ उस मुल्क में ही नहीं बल्कि सरहद पार भारत में भी काफी पसंद किए जाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल रील्स और वीडियोज में इन गानों का इस्तेमाल काफी ज्यादा किया जाता है। उनकी धुन, बोल और एहसास सरहदों की दूरियां मिटाकर सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचते हैं।
एक पाकिस्तानी ड्रामा है जिसका नाम है ‘मुझे प्यार हुआ था’। इस ड्रामे का साउंडट्रैक था कहानी सुनो 2.0। कैफी खलील की आवाज में इस गाने ने इंटरनेट पर धूम मचा दी थी। कैफी ने अपनी आवाज से दुनियाभर में लाखों लोगों को अपना दीवाना बना लिया था।
क्या आप जानते हैं कि इसका ओरिजिनल वर्जन साल 2021 में कैफी खलील ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था। दरअसल, 2021 में रिलीज हुए इस गाने को उसकी ऑडियंस तो मिली लेकिन तब तक ये गाना सरहद पार या दुनियाभर में मशहूर नहीं हुआ था।
संघर्ष में बीता बचपन
कैफी खलील का जन्म 2 सितंबर 1996 को कराची, सिंध पाकिस्तान में हुआ था। उनका बचपन कराची के लयारी इलाके में बीता। कराची (पाकिस्तान) के एक बलोच परिवार से आने वाले कैफी खलील ने बचपन में ही पिता को खो दिया था।
उन्होंने गिटार खरीदने और संगीत के लिए अपने जुनून को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी दुकानों पर काम किया और 2015 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। 2022 में उन्हें कोक स्टूडियो के बलूची गाने काना यारी से बड़ी पहचान मिली। कहानी सुनो 2.0 गाना उनके करियर का बड़ा ब्रेक साबित हुआ।
यह भी पढ़ें- ‘न मैंने राम के लिए नर्सरी राइम्स लिखी न कव्वालियां’, Ramayana के गीतों के जिक्र पर मनोज मुंतशिर का जवाब
कहानी सुनो 2.0 वर्जन ने जीता दिल
कैफी खलील ने पाकिस्तान के लोकप्रिय टीवी नाटक ‘मुझे प्यार हुआ था’ के लिए इस गाने को दोबारा रिक्रिएट किया, जिसका नाम था कहानी सुनो 2.0। पाकिस्तानी म्यूजिक पसंद करने वाले लोगों के लिए ये गाना उनका मनपसंद गाना बन गया था।
आज भी दर्शक दीवाने
वक्त बीतने के साथ भी इस गाने का जादू कम नहीं हुआ है। यूट्यूब पर 762 मिलियन से ज्यादा व्यूज इस बात का सबूत हैं कि कुछ धुनें कभी पुरानी नहीं होतीं और कुछ एहसास हमेशा दिलों में जिंदा रहते हैं। ये गाना आज भी रील्स में वायरल रहता है। दर्शक इस गाने के आज भी दीवाने है।
आज के दौर में जब गाने आते हैं और 4 दिन में पुराने भी हो जाते हैं, उसी दौर में कुछ इस गाने जैसे गाने भी हैं जो दर्शकों के दिल में छाप छोड़ जाते हैं। भले ही इस गाने को 4 साल हो चुके हैं लेकिन गाने की लोकप्रियता वैसी ही बरकरार है।
भारत समेत दुनियाभर में मचाया धमाल
इस गाने को सिर्फ पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत, बांग्लादेश, अमेरिका और इंग्लैंड समेत पूरी दुनिया में ट्रेंड करने लगा। यूट्यूब के ग्लोबल म्यूजिक वीडियो चार्ट पर टॉप 8 में शामिल हुआ था। ये गाना स्पॉटिफाई और एप्पल म्यूजिक पर भारत-पाकिस्तान का सबसे ज्यादा स्ट्रीम होने वाला गाना बना।
