पाताल लोक एक्टर जयदीप अहलावत किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। ओटीटी पर उनकी कई सीरीज को सराहा जाता है। मनोज बाजपेयी स्टारर द फैमिली मैन 3 में भी उनकी एक्टिंग तारीफ के काबिल रही। पाताल लोक के दोनों सीजन में हाथीराम चौधरी के किरदार में स्क्रीन पर उनके गुस्से वाला मिजाज जरूर देखने को मिला, लेकिन जयदीप इस बात को ईमानदारी से स्वीकार कर चुके हैं कि गुस्सा उनके लिए एक बड़ी समस्या है, क्योंकि वह अचानक भड़क जाते हैं। आइए जानते हैं कि उनका अपने बारे में ऐसा मानना क्यों है।

जयदीप अहलावत हरियाणा के रहने वाले हैं, और उन्होंने हालिया इंटरव्यू में खुलकर बताया कि एक्टिंग करियर के शुरुआत में उनके लिए शुद्ध हिंदी बोलना थोड़ा मुश्किल था, क्योंकि बीच-बीच में उनकी हरियाणवी निकल जाती थी। इसके साथ ही, उन्होंने अपने अंदर के गुस्सैल इंसान से जुड़ी कुछ रोचक बातें बताई।

रेख्ता यूट्यूब चैनल को दिए एक हालिया इंटरव्यू में पाताल लोक फेम एक्टर जयदीप अहलावत ने इस बात को मान लिया कि उन्हें अभी भी गुस्से को काबू करने में थोड़ी समस्या होती है। जयदीप ने इसे अपनी बुरी आदत बताया और कहा कि यह उनकी जिंदगी में कभी-कभी वापस आ जाती है, जो गुस्सा है।

यह भी पढ़ें: कॉमेडी और सस्पेंस का फुल डोज देती हैं ये 3 मलयालम फिल्में, जानें किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर है मौजूद

जयदीप अहलावत कैसे कंट्रोल करते हैं गुस्सा

जयदीप अहलावत ने अपनी बात को समझाते हुए कहा, मेरे लिए गुस्से को कंट्रोल करना अभी भी थोड़ा मुश्किल है। मैं किसी भी बात पर बहुत जल्दी भड़क सकता हूं, और उस समय मुझे कुछ भी समझ नहीं आता। मैं खुद से पूरी कोशिश करता हूं कि गुस्से को कंट्रोल में रखा जाए, लेकिन एक बार जब भड़क जाता हूं, तो उसे वापस पटरी पर लाना बड़ी समस्या हो जाती है। आमतौर पर मेरे लिए अच्छा उस जगह से चले जाना होता है, क्योंकि मैं वहीं रहा, तो संभावना है कि और ज्यादा भड़क सकता हूं। मेरा गुस्सा अब बहुत हद तक कंट्रोल में है, लेकिन ये बहुत ज्यादा विनाशकारी है। कुछ बार मैंने हिंसक तरीके से रिएक्ट किया है, जो मेरे लिए एक बड़ी समस्या है।