ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीरीज देखना आमतौर पर लंबे समय का काम होता है। कई हिट सीरीज के एपिसोड 8 से 10 या इससे भी ज्यादा होते हैं। इतना ही नहीं, कुछ सीरीज के सीजन भी चार से पांच आ चुके होते हैं। ऐसे में दर्शक एक बार वेब सीरीज देखने बैठ जाते हैं, तो उसे पूरा करने के बाद ही उठना पसंद करते हैं। सवाल खड़ा होता है कि कम समय में ओटीटी पर फुल एंटरटेनमेंट की खोज कर रहे हैं, तो आपको क्या देखना चाहिए। खासतौर पर यहां जिक्र चुनिंदा बेहतरीन सीरीज की कर रहे हैं, जिन्हें देखने में आपके लिए एक वीकेंड या चंद घंटे लगातार देखना काफी होगा।
कोहरा सीजन 2 (Kohrra Season 2)
बरुण सोबती की हालिया रिलीज वेब सीरीज कोहरा सीजन 2 का लुत्फ ओटीटी पर उठा सकते हैं। इसे देखने के दौरान बोरियत महसूस नहीं होगी। सीरीज का पहला सीजन भी काफी पसंद किया गया है। खास बात है कि सीजन 2 के महज 6 एपिसोड हैं, और हर एक एपिसोड 40 से 50 मिनट के बीच है। यह क्राइम थ्रिलर सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है, और ओटीटी की टॉप 10 वेब सीरीज नॉन-इंग्लिश लिस्ट में नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है।
एस्पिरेंट्स (Aspirants)
ओटीटी लवर्स के बीच नवीन कस्तूरिया स्टारर एस्पिरेंट्स सीरीज का जिक्र भी खूब चलता है। यूपीएससी की तैयारी करने वाले तीन दोस्त एस्पिरेंट्स की कहानी को दिखाने वाली इस सीरीज के 2 सीजन आ चुके हैं। अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद यह सीरीज टीवीएफ की हिट सीरीज में से एक है। आईएमडीबी पर इसे 9 से ज्यादा रेटिंग मिली है। खास बात है कि इसके एपिसोड केवल 5 हैं। इसका मतलब है कि दोनों सीजन में मिलाकर केवल 10 एपिसोड ही शामिल किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: क्या होती है मेथड एक्टिंग, लुक्स ही नहीं दिमागी तौर पर खुद को बदल लेते हैं अभिनेता | सिनेमा का सिस्टम
द फैमिली मैन 3 (The Family Man 3)
जयदीप अहलावत और मनोज बाजपेयी स्टारर द फैमिली मैन 3 का नाम भी इस साल की हिट सीरीज की लिस्ट में शामिल किया जाता है। अगर आपने अभी तक इसे नहीं देखा है, तो ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर इस सीरीज को देख सकते हैं। 7 एपिसोड की इस दमदार सीरीज को देखने के दौरान एंटरटेनमेंट का फुल डोज देखने को मिलता है। अगर आपने पहले दो सीजन देख रखे हैं, तो तीसरा सीजन देखना आपके लिए ज्यादा लंबे समय का काम नहीं होगा।
