Ott Release This Weekend: ओटीटी पर फिल्में और वेब सीरीज देखने वाले लोगों के लिए यह वीकेंड काफी खास होने वाला है। दरअसल, 15 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियो हॉटस्टार, जी5, सोनी लिव पर कुछ नई और पुरानी मूवीज, वेब शो दस्तक देने वाले हैं।
इसमें दर्शकों को कॉमेडी, क्राइम, एक्शन और थ्रिलर से लेकर काफी कुछ देखने को मिलेगा। चलिए आपको बताते हैं उन मूवीज और शो के नाम जो दर्शक इस वीकेंड एन्जॉय कर सकते हैं। इसमें विजय वर्मा की मोस्ट अवेटेड सीरीज ‘मटका किंग’ से लेकर राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की ‘टोस्टर’ और पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ तक कई नाम शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या ने की आदित्य धर की तारीफ, ‘धुरंधर’ को बताया ‘शोले’ के बाद बनी बेहतरीन फिल्म
टोस्टर (Toaster)
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा स्टारर फिल्म ‘टोस्टर’ का है। यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अभिनेता रमाकांत का किरदार निभा रहे हैं। ‘रमाकांत’ बेहद कंजूस होता है और फिल्म में यही कंजूसी उस पर भारी पड़ जाती है। फिल्म में देखने को मिलेगा कि ‘रमाकांत’ और उसकी वाइफ एक शादी में महंगा टोस्टर गिफ्ट करते हैं, लेकिन वह शादी टूट जाती है। अब रमाकांत अपना टोस्टर वापस लेना चाहता है और कहानी इसी के इर्द-गिर्द घूमते हुए नजर आएगी। बता दें कि यह फिल्म आज 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो गई है।
उस्ताद भगत सिंह (Ustaad Bhagat Singh)
पावर स्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण स्टारर फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ इसी साल मार्च में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब यह ओटीटी पर आने के लिए तैयार है। इसकी कहानी एक छोटे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे उसके शिक्षक ने ‘भगत सिंह’ नाम दिया और वह एक ईमानदार पुलिसकर्मी बन जाता है, जो अपने पुराने गुरु के खिलाफ अन्याय के विरुद्ध खड़ा होता है। इसमें धमाकेदार एक्शन देखने को मिलने वाला है। यह मूवी भी आज 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो गई है।
अस्सी (Assi)
तापसी पन्नू स्टारर कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘अस्सी’ फरवरी में रिलीज हुई थी और अब लगभग दो महीने बाद यह ओटीटी पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। इस फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया था। बता दें कि मूवी में तापसी ने एक वकील का किरदार निभाया है, जो एक स्कूल टीचर (कानी कुसृति) को न्याय दिलाने के लिए केस लड़ती हैं। इस मूवी को 17 अप्रैल को जी5 पर देखा जा सकता है।
मटका किंग (Matka King)
अभिनेता विजय वर्मा अपनी नई सीरीज ‘मटका किंग’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। सीरीज में अभिनेता ने बृज भट्टी का किरदार निभाया है, जो एक होशियार कपास व्यापारी है। बता दें कि नागराज मंजुले के निर्देशन में बनी इस सीरीज में 1960 के दशक के बॉम्बे की झलक देखने को मिलेगी। इस सीरीज में गुलशन ग्रोवर, कृतिका कामरा और साई ताम्हणकर भी नजर आएंगे। यह सीरीज 17 अप्रैल को स्ट्रीम हो रही है।
दो दीवाने सहर में (Do Deewane Seher Mein)
सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर स्टारर फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ भी ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। यह मूवी 17 अप्रैल को स्ट्रीम हो रही है। बता दें कि यह एक लव स्टोरी मूवी है, जिसमें ‘शशांक’ को बोलने में दिक्कत है। वहीं, मृणाल ने ‘रोशनी’ का किरदार निभाया है, जो अपनी शारीरिक बनावट को लेकर हीन भावना से जूझ रही है। कहानी आगे इनकी मुलाकात और प्यार के इर्द-गिर्द घूमेगी घूमेगी।
यह भी पढ़ें: इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के अगले दिन समय रैना ने 9 बार रिकॉर्ड की थी माफी वीडियो, अब दिखाई झलक
