New OTT Release This Weekend: सिनेमाघरों में पिछले एक हफ्ते से रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ लगी हुई है, जो अच्छी कमाई कर रही है। वहीं, इस शुक्रवार कोई हिंदी मूवी रिलीज नहीं होने वाली है, ऐसे में अगर आप किसी नई फिल्म की तलाश कर रहे हैं, तो ओटीटी (New OTT Release) की तरफ रुख कर सकते हैं। दरअसल, 23 मार्च से लेकर 29 मार्च तक अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई-नई फिल्मों के साथ वेब सीरीज का भी मेला लगने वाला है। इसमें हिंदी, साउथ और हॉलीवुड की फिल्में-सीरीज शामिल है।

कुछ मूवीज और शो रिलीज हो चुके हैं और कुछ वीकेंड से पहले यानी शुक्रवार तक हो जाएंगे। ऐसे में इस हफ्ते मूवी और सीरीज लवर्स को बिल्कुल भी फुरसत नहीं मिलने वाली। बता दें कि इस लिस्ट में रानी मुखर्जी की कॉप थ्र‍िलर ड्रामा फिल्म ‘मर्दानी 3’ से लेकर विजय सेतुपति की दिलचस्‍प थ्र‍िलर वेब सीरीज ‘काट्टान’ तक शामिल है। चलिए आपको बताते हैं इनके बारे में।

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ आई पसंद तो ओटीटी पर निपटा लें 2 घंटे 40 मिनट की ये स्पाई थ्रिलर फिल्म, हर सीन में मिलेगा सस्पेंस

मर्दानी 3 (Mardaani 3)

अभिराज मिनावाला के निर्देशन में बनी ‘मर्दानी 3’ इस साल 30 जनवरी को रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर इस मूवी ने लगभग 50 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था। ऐसे में अगर तब आप रानी मुखर्जी की यह फिल्म देखने से चूक गए, तो अब आप इसे ओटीटी पर आराम से देख सकते हैं। फिल्म में रानी ने कॉप शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया है, जो 93 लापता लड़कियों को बचाते हुए नजर आती हैं। इसे 27 मार्च को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

काट्टान (Kaattaan)

हिंदी के बाद अब बारी आती है साउथ की। इस हफ्ते विजय सेतुपति की वेब सीरीज ‘काट्टान’ भी ओटीटी पर दस्तक दे रही है। इस सीरीज में एक्शन और ड्रामा के साथ लोकल कल्चर की मजबूत झलक देखने को मिलती है। सीरीज की कहानी की कहानी एक कटे हुए सिर से शुरू होती है। दरअसल, एक पुलिस स्‍टेशन बंद होने वाला होता है, वहां मुथु (विजय सेतुपति) का सिर मिलता है।

यह एक ऐसा रहस्यमयी व्यक्ति है, जब इसकी जांच होती है तो तमिलनाडु के ग्रामीण इलाके में गांव वाले उसके बारे में अलग-अलग कहानी बताते हैं। इस सीरीज को 27 मार्च को जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।

डेयरडेविल 2 (Daredevil: Born Again Season 2)

साउथ के बाद अब हॉलीवुड की बारी है। अगर आप मार्वल फैंस हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दरअसल, ‘डेयरडेविल 2’ आ गया है। इसके पहले सीजन को काफी पसंद किया गया था। इस बार दूसरे सीजन में कहानी मैट मर्डॉक (चार्ली कॉक्स) के इर्द-गिर्द घूमते हुए नजर आ रही है। इस सीजन में सब कुछ पहले से ज्यादा डार्क और खतरनाक है। मुश्किल फैसले, ज्यादा एक्शन देखने को मिल रहा है।  खास बात ये है कि इस बार जेसिका जोन्स की भी वापसी हो चुकी है। बता दें कि यह 25 मार्च को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो गया है।

बेट (Bait)

‘बेट’ एक हॉलीवुड सीरीज है, जिसमें ऑस्कर और एमी अवॉर्ड जीतने वाले रिज अहमद मुख्य किरदार में हैं। सीरीज में अहमद ने शाह लतीफ का किरदार निभाया है, जो लंदन में एक स्‍ट्रगलिंग एक्टर है।  6 एपिसोड की इस सीरीज में रिज के साथ गुज खान ने ‘जुल्‍फी’, शीबा चड्ढा ने ‘ताहिरा’, साजिद हसन ने ‘परवेज’, आसिया शाह ने ‘क्यू’ और वेरुचे ओपिया ने ‘फेलिशिया’ का किरदार निभाया है। यह सीरीज भी 25 मार्च को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो गई है।

यह भी पढ़ें: 2 घंटे 16 मिनट की ये क्राइम मिस्ट्री फिल्म नेटफ्लिक्स पर मचा रही है धमाल

अगर आप हॉलीवुड फिल्मों के शौकीन हैं, तो चलिए हम आपको एक ऐसी क्राइम मिस्ट्री फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसका सस्पेंस देखकर आप हैरान रह जाएंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें