अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में गुजरात के गोरखी गांव के रहने वाले डॉ. गणेश बरैया हॉट सीट तक पहुंचे। उन्होंने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड जीतकर खेल की शुरुआत की। शुरुआत में उन्होंने अच्छा खेला, लेकिन बाद में उनकी लाइफलाइन खत्म होती गईं। आखिर में 3 लाख रुपये के सवाल पर उन्होंने गलत जवाब दे दिया और सिर्फ 25 हजार रुपये जीतकर घर लौटे।

3 लाख रुपये के सवाल पर की गलती

गेम का नौवां सवाल तस्वीरों पर आधारित था। डॉ. गणेश को भारत के चार मशहूर स्मारकों की तस्वीरें दिखाई गईं- लाल किला, ताजमहल, चारमीनार और मीनाक्षी मंदिर। उनसे पूछा गया कि इनमें से कितने स्मारक गुजरात के उत्तर में हैं।

इसके विकल्प 0, 1, 2 और 3 थे। डॉ. गणेश ने जल्दबाजी में 3 को लॉक कर दिया, जबकि सही जवाब 2 था। दिल्ली का लाल किला और आगरा का ताजमहल गुजरात के उत्तर में स्थित हैं। गलत जवाब देने के बाद उनका गेम वहीं खत्म हो गया और वह 25 हजार रुपये लेकर घर लौटे।

यह भी पढ़ें: ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता, कहीं जमीन…’, क्या आपको पता है KBC 18 में पूछे गई इस पंक्ति के कवि का नाम?

सर्कस वालों ने दिया था 5 लाख रुपये का ऑफर

शो में डॉ. गणेश ने अपनी जिंदगी से जुड़ी एक भावुक कहानी भी सुनाई। उन्होंने बताया कि जब वह छोटे थे, तब कुछ सर्कस कलाकार उनके गांव में उनके घर आए थे। उन्होंने उनके किसान पिता को गणेश के बदले 5 लाख रुपये देने का ऑफर दिया था। हालांकि, उनके पिता ने पैसे लेने के बजाय बेटे की पढ़ाई को चुना। उन्होंने गणेश को पढ़ाया और आगे बढ़ने का मौका दिया।

पिता पीठ पर बैठाकर ले जाते थे स्कूल

डॉ. गणेश ने बताया कि उनका स्कूल घर से करीब 5 किलोमीटर दूर था। उनके छोटे कद की वजह से उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। उनके पिता उन्हें रोज अपनी पीठ पर बैठाकर स्कूल ले जाते थे। स्कूल की बेंच भी उनके कद के हिसाब से नहीं थीं, जिससे उन्हें पढ़ाई के दौरान काफी परेशानी होती थी।

यह भी पढ़ें: “अभिषेक बच्चन ने जो किया, वो अमिताभ भी नहीं कर सकते”, KBC में कंटेस्टेंट का बड़ा दावा

बने डॉक्टर, लोगों की बात को गलत साबित किया

डॉ. गणेश ने बताया कि लोगों ने उनसे कहा था कि उनके लिए पढ़ाई करना और डॉक्टर बनना संभव नहीं है। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत से यह कर दिखाया।

आज वह खुद को दुनिया के सबसे छोटे डॉक्टर बताते हैं और गुजरात के भावनगर के एक अस्पताल के बाल रोग विभाग में काम करते हैं। उन्हें बच्चों के साथ काम करना काफी पसंद है। अमिताभ बच्चन भी गणेश की कहानी से काफी प्रभावित हुए और उन्होंने उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए बधाई दी।