विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी रोमांटिक थ्रिलर ‘ओ रोमियो’ ने वैलेंटाइन वीक में 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की जोड़ी वाली इस फिल्म की चर्चा बॉलीवुड के गलियारों में खूब चल रही है। फिल्म को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसके लिए शाहिद ने मोटी फीस चार्ज की है। ओ रोमियो को फैंस और क्रिटिक्स से सकारात्मक रिव्यू मिले हैं, लेकिन किसी भी मूवी की सफलता का अंदाजा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से ही लगाया जाता है। आइए जानते हैं कि ओपनिंग डे पर शाहिद कपूर की फिल्म ने कैसा प्रदर्शन कमाई के मामले में किया।

सोशल मीडिया पर शाहिद कपूर की हालिया रिलीज की खूब चर्चा चल रही है। ज्यादातर लोगों ने एक्टर के काम को सराहा है। कबीर सिंह के बाद शाहिद को कोई बहुत बड़ी हिट नहीं मिली है। यही कारण है कि ओ रोमियो से एक्टर को भी काफी उम्मीद है। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के पहले दिन के आंकड़े काफी हद तक इस बात का अंदाजा लगाने के लिए काफी है कि आने वाले दिनों में फिल्म कैसा प्रदर्शन कर सकती है।

ओ रोमियो का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी समेत अन्य कास्ट और टीम ने ओ रोमियो का प्रमोशन करने में काफी मेहनत की है, जिसका असर कमाई के आंकड़े पर भी देखने को मिला है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार यानी ओपनिंग डे पर ओ रोमियो ने भारत में 8.25 करोड़ का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। हालांकि, इस ओपनिंग को काफी ज्यादा बेहतर नहीं माना जा सकता है। शाहिद के फैंस इस बात की संभावना लगा रहे हैं कि शनिवार और रविवार के दिन फिल्म की कमाई के आंकड़े में सुधार देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें: दिल से दिल तक: वैलेंटाइन डे पर देखिए बॉलीवुड की 4 बेस्ट रोमांटिक फिल्में

ओ रोमियो ने ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में शाहिद कपूर की पिछली फिल्म देवा को पछाड़ दिया है। बता दें कि देवा ने 5.5 करोड़ की ओपनिंग हासिल की थी। हालांकि, ओ रोमियो की कमाई शाहिद की हिट फिल्म कबीर सिंह से काफी कम है। शाहिद और कियारा की जोड़ी वाली इस फिल्म को 20 करोड़ की ओपनिंग मिली थी, लेकिन हालिया रिलीज ओ रोमियो ने पहले दिन 8.25 करोड़ की कमाई ही की।