आज के मॉडर्न जमाने में संगीत की पहचान एकदम बदल गई है। रीमिक्स और रीमेक का दौर चल रहा है, तो वहीं गजल और कव्वालियों का बनना लगभग बंद ही हो गया है। मगर आज के जेन जी वाले दौर में भी एक शख्स है, जिसकी आवाज आपको हर दूसरी इंस्टाग्राम रील में सुनने को मिल जाएगी। और वो हैं उस्ताद नुसरत फतेह अली खान।
70 और 80 के दशक में अपनी रूहानी आवाज से देश और दुनिया को झूमाने वाले नुसरत फतेह अली खान अगर आज जिंदा होते, तो अपना 78वां जन्मदिन मनाते। उनकी शक्तिशाली आवाज आज भी किसी न किसी महफिल की शान बढ़ा रही होती और सुननेवाले सुकून पा रहे होते।
उस जमाने के बेहतरीन गायकों में से एक और कव्वाली के शहंशाह कहे जाने वाले नुसरत फतेह अली खान जलवा अभी तक कायम है। सोशल मीडिया पर आपकी म्यूजिक टेस्ट को उन्हें की कव्वालियों के जरिए जज किया जाता है। आज कहा जाता है कि जो लोग नुसरत साहब की कव्वाली पुरी सुन लेते हैं, उन्हीं में सबसे ज्यादा धैर्य है और उनका म्यूजिक टेस्ट अप्रतिम है।
पिता बनाना चाहते थे डॉक्टर
13 अक्टूबर 1948 को नुसरत फतेह अली खान का जन्म पाकिस्तान के फैसलाबाद में हुए था। उनके दादा मौलाबख्श अपने जमाने के मशहूर कव्वाल थे। उनके पिता फतेह अली और चाचा मुबारक अली भी अविभाजित भारत के जाने-माने कव्वालों में गिने जाते थे।
मगर नुसरत के लिए शुरुआत में चीजें अलग थीं। कई पीढ़ियों से संगीत का दुनिया का हिस्सा बने हुए फतेह अली नहीं चाहते थे कि उनका बेटा भी ये काम करे। वो नुसरत को डॉक्टर बनाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने संगीत से उन्हें दूर रखा। लेकिन कहते हैं न किस्मत में लिखा आपको किसी न किसी दिन ढूंढ ही लेता है।
ऐसा ही कुछ नुसरत फतेह अली खान के साथ भी हुआ। बताया जाता है कि एक बार वो हारमोनियम बजाने की कोशिश कर रहे थे। छोटे नुसरत नहीं जानते थे कि उनके पिता चुपचाप उनके पीछे खड़े उन्हें देख रहे हैं। जब उन्होंने हारमोनियम बजाना बंद किया तब उनके पिता मुस्कुराए और कहा, ‘तुम हारमोनियम बजा सकते हो, लेकिन शर्त ये है कि इससे तुम्हारी पढ़ाई पर असर नहीं पड़ना चाहिए।’
उन्होंने हारमोनियम के साथ-साथ तबला बजाना सीखना भी शुरू कर दिया था। एक बार उन्होंने पिता के सामने इतना बढ़िया तबला बजाया कि बेटे को लेकर उनका प्लान बदल गया। उन्होंने नुसरत को डॉक्टर बनाने के ख्वाब को छोड़ उन्हें संगीत सिखाने का फैसला किया। हालांकि दोनों का साथ बहुत लंबा नहीं था।
अजमेर शरीफ को सपने में देखा
1964 में फतेह अली ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके चाहनेवालों ने अपना पसंदीदा कव्वाल खोया और नुसरत ने अपने पिता के साथ-साथ मेंटर को भी खो दिया था। पिता के जाने के बाद उनके चाचा मुबारक अली ने उन्हें ट्रेनिंग दी।
1996 में नुसरत पर बनी टीवी डॉक्यूमेंट्री में दिए इंटरव्यू में उन्होंने याद किया था, ‘मेरे वालिद के जाने के बाद मेरी समझ में नहीं आ रहा था कि मैं क्या करूं? एक दिन मैंने सपने में देखा कि मेरे वालिद मुझे एक जगह ले गए और मुझसे बोले गाना शुरू करो। मैंने कहा, ‘मैं गा नहीं सकता।’ उन्होंने कहा, ‘तुम मेरे साथ गाओ। मैं उनके साथ गाने लगा। जब मेरी आंख खुली तो मैंने पाया कि मैं गा रहा था।’
नुसरत ने अपने चाचा को अपने इस ख्वाब के बारे में बताया। उन्होंने सुनते ही कहा कि ये अजमेर शरीफ था, जहां नुसरत के पिता और दादा अक्सर गाया करते थे। 1979 में उन्हें भारत आने का मौका मिला था। इसी दौरान उन्होंने अजमेर शरीफ ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की मजार पर जाकर अपने ख्वाब में देखी जगह को पहचाना और वहां गाना गाया। एक विदेशी कव्वाल को पहली बार दरगाह में गाने की इजाजत दी गई थी।
1979 में नुसरत फतेह अली खान, बॉलीवुड के लेजेंडरी शोमैन रहे राज कपूर के बुलावे पर आए थे। राज के बेटे ऋषि कपूर की शादी में उन्हें परफॉर्म करने के लिए आमंत्रित किया गया था। बताया जाता है कि परफॉरमेंस की शुरुआत में उन्हे खास तवज्जो नहीं मिली थी। नुसरत ने रात 10 बजे गाना शुरू किया था और यह अगली सुबह 7 बजे तक चला। उन्होंने ढाई घंटे ‘हल्का हल्का सुरूर’ गाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया था।
अलग-अलग देशों में किया परफॉर्म
पाकिस्तान और भारत के अलावा नुसरत फतेह अली खान का चर्चा दुनियाभर में था। 1981 में उन्हें ब्रिटेन में गाना का न्योता मिला था। उन्हें सुननेवालों में हर धर्म और समुदाय के लोग थे। वहां उन्होंने कई गुरुद्वारों में भी कॉन्सर्ट किए। सूफी संतों बुल्ले शाह, बाबा फरीद और शाह हुसैन की रचनाओं के साथ-साथ उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब में लिखे कई शबदों को भी गाया. उनकी ख्याति आगे फैलती गई और उन्हें नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क और दक्षिण अफ़्रीका जैसे देशों में गाने के लिए बुलाया जाने लगा।
लंदन में अपनी परफॉरमेंस से उन्होंने मशहूर इंग्लिश सिंगर मिक जैगर को भी अपना दीवाना बना लिया था। बताया जाता है कि मिक को जब नुसरत के कॉन्सर्ट में बुलाया गया तो वो आने को राजी हो गए थे। मगर उन्होंने कहा कि वो महज 5 मिनट ही रुकेंगे। नुसरत को जब ये बताया गया तो उन्होंने कहा कि मिक आएंगे तो शो खत्म होने से पहले नहीं जा पाएंगे।
और फिर ऐसा ही हुआ। मिक जैगर, नुसरत की आवाज के ऐसे कायल हुए कि तीन घंटे के पूरे कॉन्सर्ट में बैठे रहे और उन्हें सुना।
1988 में उनकी कव्वाली ‘अल्लाह हू’ ने पूरी दुनिया में धूम मचा दी थी। रूमी, अमीर खुसरो और बुल्ले शाह की रचना गाने वाले नुसरत ने अपने संगीत के साथ एक्सपेरिमेंट करना शुरू किया। पहले वो अपने पिता और चाचा की तरह शुद्ध शास्त्रीय संगीत गाते थे। फिर उन्होंने लोक संगीत में हाथ आजमाया और आगे चलकर रोमांटिक गाने भी गाए। नुसरत ने बॉलीवुड की फिल्मों जैसे ‘और प्यार हो गया’, ‘बैंडिट क्वीन’ और ‘धड़कन’ में म्यूजिक समेत अपनी आवाज भी दी। उनका गाना ‘दूल्हे का सहरा’ आज भी याद किया जाता है।
अपने देश में देर में मिला सम्मान
दिलचस्प बात ये है कि विदेश में अपने टैलेंट का ढंका बजाने के बाद नुसरत को अपने देश पाकिस्तान में सम्मान मिलना शुरू हुआ था। उन्होंने एडम नैयर को दिए इंटरव्यू में इसे लेकर बात की थी। गायक ने कहा था, ‘हमारे फैसलाबाद में अच्छा कपड़ा मिलता है,लेकिन लोग उसे तब तक नहीं खरीदते जब तक उस पर ‘मेड इन जापान’ का ठप्पा न लग जाए। मैं यहां उच्च वर्ग के लिए फैसलाबाद के उस कपड़े की तरह हूं।’
नुसरत फतेह अली खान को दुनियाभर के अलग-अलग लोगों ने अलग-अलग नामों से पुकारा। जापान में लोग उन्हें ‘गाता हुआ बुद्ध’ कहकर पुकारते हैं। लॉस एंजेलेस में उसे ‘स्वर्ग की आवाज’। पेरिस में पावारोती ऑफ ईस्ट’ और लाहौर में उन्हें शहंशाह-ए-कव्वाली’ कहा जाता है। कुछ लोग उन्हें ‘एल्विस प्रेस्ली ऑफ ईस्ट भी कहते थे।’
अपने करियर में ढेरों ऊंचाइयां छू रहे नुसरत शारीरिक रूप से काफी परेशान थे। उन्हें दिल की बीमारी थी। साथ ही उनकी किडनी भी खराब हो रही थीं। 11 अगस्त 1997 को वो किडनी ट्रांसप्लांट के लिए लाहौर से अमेरिका रवाना हुए थे। रास्ते में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लंदन के क्रॉमवेल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 16 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। वह महज 48 साल के थे।
