अभिनेत्री हंसिका मोटवानी और बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया ने शादी के लगभग चार साल बाद आधिकारिक तौर पर तलाक ले लिया है। मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट ने बुधवार को दोनों को आपसी सहमति से तलाक की मंजूरी दे दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने म्यूचुअल कंसेंट से शादी खत्म करने का फैसला किया।
रिपोर्ट के अनुसार, शादी के बाद दोनों कुछ समय ही साथ रह पाए। बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उनकी लाइफस्टाइल, स्वभाव और सोच में काफी अंतर है, जिसकी वजह से रिश्ता प्रभावित हो रहा था। इसी कारण उन्होंने अलग होने का फैसला लिया।
2025 से ही अलग रहने लगे थे
2025 में ही खबरें आने लगी थीं कि दोनों साथ नहीं रह रहे हैं। बताया गया कि हंसिका अपनी मां के घर शिफ्ट हो गई थीं, जबकि सोहेल अपने माता-पिता के साथ रह रहे थे। पहले दोनों सोहेल के परिवार के साथ रहते थे।
सोशल मीडिया से भी मिले संकेत
अलगाव की अटकलें तब और तेज हो गईं जब हंसिका ने अपने इंस्टाग्राम से शादी की लगभग सभी तस्वीरें और वीडियो हटा दिए। उन्होंने सोहेल को अनफॉलो भी कर दिया, जबकि सोहेल ने भी अपना अकाउंट प्राइवेट कर लिया।
हंसिका ने नहीं मांगा गुजारा भत्ता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाक की प्रक्रिया के दौरान हंसिका ने एलिमनी की मांग नहीं की। कोर्ट में उनकी तरफ से एडवोकेट अदनान शेख पेश हुए थे।
बेहद चर्चा में रही थी दोनों की शादी
दोनों की शादी 4 दिसंबर 2022 को जयपुर के मुंडोता फोर्ट में बेहद शाही अंदाज में हुई थी। शादी से पहले सोहेल ने पेरिस के एफिल टॉवर के सामने हंसिका को प्रपोज किया था। इस पूरी शादी की कहानी को बाद में एक रियलिटी शो “Hansika’s Love Shaadi Drama” में भी दिखाया गया था।
शादी से पहले भी हुआ था विवाद
इस रिश्ते को लेकर पहले भी विवाद हुआ था क्योंकि सोहेल की पहली पत्नी रिंकी बजाज हंसिका की करीबी दोस्त बताई जाती थीं। जब रिंकी की शादी के पुराने वीडियो सामने आए, जिनमें हंसिका ब्राइड्समेड के रूप में दिखी थीं, तब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा और आलोचना हुई थी।
करियर पर ध्यान बनाए रखा
2007 में फिल्मी करियर शुरू करने वाली हंसिका तमिल और तेलुगु सिनेमा में एक बड़ा नाम हैं। पिछले कई महीनों से चल रही तलाक की अटकलों के बावजूद उन्होंने इस मामले पर सार्वजनिक तौर पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी और अपने काम पर ध्यान बनाए रखा।
फिलहाल, तलाक के बाद भी दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
