एक्ट्रेस नोरा फतेही इस वक्त अपकमिंग कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवादों में घिरी हैं। कई लोग इस गाने की आलोचना कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब अपने गाने पर उठे विवाद पर नोरा फतेही ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हु बताया कि उन्हें इस गाने के हिंदी वर्जन की कोई जानकारी नहीं थी।
हाल ही में इस गाने के बोल और डांस स्टेप्स को लेकर सोशल मीडिया पर इसकी जमकर आलोचना हुई। हिंदी वर्जन के वायरल होने के बाद विवाद और भी बढ़ गया, जिससे कई पक्षों से व्यापक आक्रोश और आलोचना देखने को मिली। यह मामला संसद तक भी पहुंच गया है। जहां सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आश्वासन दिया कि गाने के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विरोध के बाद, गाने के निर्माताओं ने आखिरकार यूट्यूब से हिंदी वर्जन को भी हटा दिया।
क्या बोलीं नोरा फतेही?
इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए, नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया। वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में, अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि वो इस गाने के विवादित वर्जन का समर्थन नहीं करतीं। कैप्शन में नोरा ने कहा, “मैं नहीं चाहूंगी कि कोई यह सोचे कि मैं इसका समर्थन करती हूं। इस दबाव के कारण हुई आलोचना के लिए धन्यवाद, सौभाग्य से फिल्म निर्माताओं ने इसे हटा दिया है।”
लोगों से की अपील
एक्ट्रेस ने लोगों से यह भी अपील की कि वे इस गाने को आगे शेयर न करें, क्योंकि ऐसा करने से गाने को और ज्यादा पब्लिसिटी मिलती है। “हाय दोस्तों, मैं इस गाने को लेकर चल रहे विवाद पर बात करना चाहती हूं… सबसे पहले, मैं इस समय अपने एक करीबी दोस्त के गुजर जाने के दुख में हूं, इसलिए मुझे ठीक से पता नहीं चल पाया कि क्या हो रहा है। मैं आप सभी से रिक्वेस्ट करती हूं कि इस गाने को शेयर करना बंद करें, क्योंकि आप इसे बेवजह प्लेटफॉर्म दे रहे हैं।” नोरा ने ये भी कहा कि कुछ लोग इस मौके का फायदा उठाकर उनके चरित्र पर निशाना साध रहे हैं, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।
शेयर करने वालों की निंदा
“एक बात और, मैं देख रही हूं कि कुछ लोग इस मौके का इस्तेमाल मेरे चरित्र पर हमला करने के लिए कर रहे हैं, जो गलत है। मैंने ये गाना तीन साल पहले कन्नड़ में शूट किया था” वीडियो मैसेज में नोरा ने बताया कि उन्होंने यह गाना करीब तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में शूट किया था, जब उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए हां कहा था।
यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: ‘गाने का एक शब्द भी मेरा नहीं’- ‘सरके चुनर सरके’ के गीतकार ने दी सफाई: संजय-नोरा ने ये गाना कैसे कर लिया
उन्होंने बताया कि नेटवर्क की समस्या की वजह से उन्हें इस विवाद के बारे में हाल ही में पता चला। टाइमलाइन साफ करते हुए नोरा ने कहा कि उन्होंने इस गाने के लिए हां एक बड़े फिल्म प्रोजेक्ट का हिस्सा समझकर की थी और उन्हें लगा था कि यह एक मशहूर गाने का रीमेक है।
क्यों बनीं गाने का हिस्सा?
इसके बारे में बताते हुए नोरा ने कहा, “मैंने ये गाना तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में शूट किया था। जब मैंने इसके लिए हां कहा, तब यह एक बड़ी फिल्म का हिस्सा था। इसमें बड़े आइकन संजय दत्त थे। उनके साथ काम करने से कौन मना करेगा? मुझे लगा था कि यह एक आइकॉनिक गाने का रीमेक है।” एक्ट्रेस ने जोर देकर कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाद में इस गाने का हिंदी वर्जन रिलीज किया जाएगा, जिसने आखिरकार विवाद खड़ा कर दिया।
