एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती ने पहली बार 2020 में सुशांत सिंह राजपूत केस पर बात की है। दोनों ने बताया कि सुशांत की मौत के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। दोनों ने कहा कि उस दौर के बाद उन्हें काम मिलना बंद हो गया, जिसके चलते मजबूरी में उन्होंने अपना क्लोदिंग ब्रांड ‘चैप्टर 2 ड्रिप’ शुरू किया।

नेहा धूपिया और अंगद बेदी के साथ बातचीत में शोविक ने कहा, “हमने यह बिजनेस शौक से नहीं, बल्कि मजबूरी में शुरू किया। मैंने एमबीए किया था, लेकिन कोई नौकरी नहीं दे रहा था।”वहीं रिया ने कहा, “2020 के बाद मुझे किसी ने फिल्मों में साइन नहीं किया और शोविक को भी किसी ने नौकरी पर नहीं रखा।”

‘चुड़ैल का बदला’ रखना चाहती थीं ब्रांड का नाम

रिया ने बताया कि शुरुआत में वह अपने ब्रांड का नाम ‘चुड़ैल का बदला’ रखना चाहती थीं और उसी नाम से टी-शर्ट्स लॉन्च करना चाहती थीं। हालांकि, लोगों ने इसे बहुत नेगेटिव और मजाकिया बताया। इसके बाद उन्होंने ब्लैक शीप नाम पर भी विचार किया और आखिरकार चैप्टर 2 नाम तय हुआ।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ तोड़ सकती है ‘धुरंधर’ का 3300 करोड़ का रिकॉर्ड? एग्जीबिटर ने किया बड़ा दावा

रिया ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि एक टी-शर्ट भी किसी इंसान की आवाज बन सकती है। इसी सोच से उन्होंने ऐसे स्लोगन टी-शर्ट्स बनाने का फैसला किया जो मुश्किल दौर से गुजर रहे लोगों को खुद को व्यक्त करने का मौका दें।

आज भी ट्रॉमा से गुजर रहे शोविक

शोविक ने बताया कि उस दौर का मानसिक असर आज भी उनके साथ है। उन्होंने कहा, “मेरे अंदर आज भी PTSD ॉ (पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर) है। जब भी डोरबेल बजती थी, मुझे लगता था कि कोई हमें पकड़ने आ गया है। यह डर लंबे समय तक मेरे साथ रहा।”

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सालों में उन्होंने लगातार थेरेपी ली, जिससे उन्हें काफी मदद मिली। शोविक ने यह भी कहा कि शायद आने वाले समय में वह अपनी पूरी कहानी एक किताब के जरिए लोगों के सामने रखेंगे।

रिया बोलीं- ट्रॉमा कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता

रिया ने कहा कि ऐसी घटनाओं का असर जिंदगी भर रहता है। उन्होंने कहा, “यह ट्रॉमा है, जो आपके शरीर और दिमाग दोनों में रह जाता है। थेरेपी से आप उसे संभालना सीखते हैं, लेकिन पूरी तरह भूल नहीं सकते। हमारा मामला सार्वजनिक था, इसलिए हर कोई उस पर बात करता है। अब हमारा लक्ष्य आगे बढ़ना और सफल जीवन जीना है।”

यह भी पढ़ें: Welcome To The Jungle Review: कॉमेडी के साथ गुदगुदाने आई ‘वेलकम 3’, अक्षय कुमार की कॉमेडी ने फिर जीता फैंस का दिल

बातचीत के दौरान शोविक ने बताया कि वह इस समय रिलेशनशिप में हैं। वहीं रिया ने कहा कि वह फिलहाल सिंगल हैं और किसी रिश्ते की तलाश में नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि सही समय पर अच्छा साथी मिलना उन्हें जरूर पसंद होगा।

सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद क्या हुआ था?

जून 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया और शोविक कई जांच एजेंसियों के रडार पर आए थे। ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दोनों को गिरफ्तार किया था। रिया करीब 27 दिन जेल में रहीं, जबकि शोविक भी न्यायिक हिरासत में रहे। बाद में दोनों को जमानत मिल गई।

करीब पांच साल बाद, 2025 में सीबीआई ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर रिया और शोविक को आरोपों से क्लीन चिट दे दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर चैप्टर 2 ड्रिप की शुरुआत की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज इस ब्रांड की अनुमानित वैल्यू करीब 40 करोड़ रुपये बताई जाती है।