भोजपुरी इंडस्टरी के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ इस वक्त अपनी शादी पर दिए बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में कहा कि उनकी पत्नी मंशा यादव से उनकी शादी जबरन करवाई गई थी। उन्होंने अपने माता-पिता की जिद के कारण ये शादी की। उन्होंने ये भी कहा कि शादी उसी से करनी चाहिए जिससे आप प्यार करते हैं। अब इस बयान से कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए हैं। उनका नाम भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे के साथ सालों से जोड़ा जा रहा है और दोनों अक्सर मौकों पर एक साथ नजर आते हैं। इतना ही नहीं निरहुआ उन्हें अपनी अर्धांगिनी तक बता चुके हैं। ऐसे में सवाल आता है कि क्या उनकी रील लाइफ का लव उनकी रियल लाइफ पर हावी हो रहा है?

आम्रपाली और निरहुआ का साथ काफी मशहूर है, हालांकि दोनों कई बार ये बात कह चुके हैं कि उनका कोई रिश्ता नहीं है, वो केवल एक दूसरे के साथ काम करते हैं और एक दूसरे का सम्मान करते हैं। मगर एक बार रामभद्राचार्य के सामने निरहुआ ने आम्रपाली को अपनी अर्धांगिनी कहा था। इसे लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा था।

शुभांकर मिश्रा के इंटरव्यू में उनसे इसके बारे में सवाल किया गया। उनसे ये भी पूछा गया था कि बहुत सारे लोग ये सवाल करते हैं कि उनकी रील लाइफ और रियल लाइफ में क्या अंतर है? इस सवाल का जवाब देते हुए निरहुआ ने कहा था, “मैं ना शुरू से शुरू करता हूं ताकि मैं अच्छे से इसे बता सकूं।”

एक्ट्रेसेस के साथ जुड़ा निरहुआ का नाम

निरहुआ ने कारण बताते हुए कहा था कि जब वो’निरहुआ सटल रहे’ एल्बम कर रहे थे तो उस गाने की हीरोइन के साथ उनका नाम जुड़ा। फिर जब उस हीरोइन की शादी हो गई तो उन्हें छुटकारा मिला। इसके बाद उनके करियर के दूसरे फेज में उन्होंने मंशा पाखी हेगड़े के साथ काम किया तो उनका नाम फिर से जोड़ा जाने लगा। उन्होंने बताया था कि जिस हीरोइन के साथ उनकी जोड़ी हिट होती गई लोग उन्हें भौजी कहकर बुलाने लगे। फिर आईं आम्रपाली दुबे और तब तक निरहुआ को समझ आ गया कि उन्हें इन बातों से कैसे डील करनी है।

आम्रपाली के साथ ऐसे जुड़ा नाम

निरहुआ ने आगे कहा, “फिर जब 2014 में आम्रपाली दुबे आईं, हमने बैक टू बैक काम किया। सारी फिल्में हिट हुईं, इसमें ‘निरहुआ रिक्शावाला 2’, ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’, ‘राजा बाबू’, ‘पटना से पाकिस्तान’, ‘जिगरावाला’, सब लाइन से ब्लॉकबस्टर हुईं। फिर जब हम 2019 में चुनाव लड़ने गए, वहां भी प्रचार में आई थी और मेरे से ज्यादा लोग उनका नारा लगा रहे थे कि आम्रपाली भौजी जिंदाबाद।”

क्यों बताया था अर्धांगिनी

इसके बाद रामभद्राचार्य के सामने आम्रपाली दुबे को अर्धांगिनी बताने वाली बात पर उन्होंने कहा, “ये सब जनता तक तो ठीक था, हमारे गुरुजी भी भोजपुरी बोलते हैं तो वो भी हंसी मजाक करते हैं। फिर जब हम उनके पास गए तो वो बोले- आव आव निरहुआ अउर का हाल ह? मैंने बोला ठीक है गुरुजी। सब हाल चाल पूछा फिर उन्होंने आम्रपाली दुबे की ओर इशारा करके पूछा ‘ई के ह? तोहर बहिन हईं?’ फिर हम बोले क्या? बाबा मजे लेने लगे, हम बोले यार 35 फिल्म किए हैं, हर फिल्म में मेरी बीवी बनी हैं। गुरुजी सब देखते हैं और बहिन बोल रहे हैंय़ फिर हम बोले बाबा ये हमारी अर्धांगिनी हैं। जैसे बाबा मजा ले रहे थे हम भी थोड़ा विनोद कर दिए।”

गुपचुप शादी की भी हैं खबरें

निरहुआ और आम्रपाली दुबे को लेकर ये भी खबर आ चुकी है कि इन्होंने गुपचुप शादी की है। हालांकि इस पर दोनों ही सफाई दे चुके हैं। अपनी बहन आंचल दुबे के पॉडकास्ट में दिए इंटरव्यू में आम्रपाली ने कहा था कि जो लोग उनका नाम जोड़कर निरहुआ को परेशान कर रहे हैं वो ऐसा न करें, क्योंकि वो सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।

यह भी पढ़ें: ‘क्या माफी मांगने से आपके शब्द…’ Kantara विवाद को लेकर हाई कोर्ट ने रणवीर सिंह को लगाई फटकार- इंटरनेट कभी नहीं भूलता

क्या बोले थे निरहुआ?

सिद्धार्थ कनन ने अपने इंटरव्यू में निरहुआ से पूछा गया था कि आप दोनों के बीच में मोहब्बत थी क्या? इस सवाल का जवाब देते हुए निरहुआ ने कहा, “मुझे लगता है कि जब 2014 से आम्रपाली जी आईं भोजपुरी इंडस्ट्री में, तो वो पूरे भोजपुरी दर्शकों की ड्रीमगर्ल बन गईं और मेरे लिए लकी गर्ल बन गईं। वहां से लगातार कम से कम 15 फिल्में हम दोनों ने ब्लॉकबस्टर दी। तो अब जहां भी हम फिल्म कर रहे साथ में कर रहे हैं, जहां भी हम जा रहे हैं साथ में जा रहे हैं। जहां शूटिंग हो रही है वहां कोई धार्मिक स्थल है तो हम वहां भी जा रहे हैं। तो ये पूरा मीडिया में चलने लगा कि इन दोनों का चक्कर है, पर मेरा तो… पहले से शादी मेरी हो चुकी है, मेरे बच्चे हैं।”

अब पत्नी संग शादी पर क्या बोले निरहुआ?

निरहुआ ने हाल ही में डिजिटल कमेंट्री’ के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए अपने बेटों के बारे में बात की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि वो उनके जीवन के फैसले पूरी तरह से उनपर छोड़ते हैं, जबकि उनके साथ ऐसा नहीं हुआ। निरहुआ ने बताया कि उन्होंने अपने बेटों की शादी का फैसला भी उन्हीं पर छोड़ दिया है। “मैंने उन दोनों से कहा कि तुम दोनों शादी भी अपने मन से करना। मैंने कहा बेटा, मेरे माता-पिता मेरी बात नहीं सुने। मेरी शादी जबरी करवा दिए। मैं कहता रह गया कि रुक जाइए-रुक जाइए। हमको थोड़ा कुछ करने दीजिए, बनने दीजिए। तो उसका मलाल तो मेरे को हो गया। जीवनसाथी वो हो कि जिसको आप प्रेम करें।”

यह भी पढ़ें: ‘लोगों की आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता’, ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर हाई कोर्ट के जज बोले- मैं कल फिल्म देखूंगा

नहीं मिला सच्चा प्यार

निरहुआ ने आगे कहा, “मैं बोला कि ये मेरे साथ नहीं हो पाया। मैंने जीवन में प्रेम नहीं किया और इस बात को मैं उनसे कहा क्योंकि बच्चों से आप झूठ बोलकर क्या करेंगे? मैंने उनकी मां से भी कहा कि आपसे प्रेम नहीं हो पाया मुझे। कभी नहीं हो पाया। हां वो फर्ज है कि मां-बाप ने किया है, तो वो फर्ज निभाना है। तो मैं निभा रहा हूं। मुझे गिल्ट होता है और इसीलिए मैं अपने बच्चों के साथ वो नहीं करूंगा। मैं अपने बच्चों के साथ ये नहीं करूंगा कि मैं उनको कहूं कि नहीं तुमको यही करना है। ऐसे करना है या अपनी किसी इच्छा की वजह से।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…