भारतीय सिनेमाजगत में राज कपूर की क्या एहमियत रही है, इस बारे में जितनी बात की जाए वो कम है। राज कपूर ने अपनी फिल्मों के जरिए न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी काफी नाम कमाया था। हर कोई शायद उनके इस दबदबे को ना जानता हो लेकिन अब हाल ही में उनके नाती निखिल नंदा ने एक पॉडकास्ट में एक अनसुना किस्सा साझा करते हुए बताया कि क्योंकि वो राज कपूर के रिश्तेदार थे इसलिए रूस में उनसे किराया नहीं लिया गया था। चलिए बताते है आपको पूरा किस्सा

यह भी पढे़ं-एक्स वाइफ दलजीत कौर से दोबारा शादी की खबरों पर शालीन भनोट ने दिया मुंहतोड़ जवाब, बोले- सिर्फ व्यूज के लिए…

निखिल नंदा नहीं पता था राज कपूर का दबदबा

बहुत कम लोग जानते है कि अमिताभ बच्चन के दामाद निखिल नंदा दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर के नाती है। राज कपूर की बड़ी बेटी ऋतु नंदा के बेटे हैं। अब सृष्टि साहू के संग पॉडकास्ट में निखिल नंदा ने बताया कि जब वो कॉलेज में पढ़ रहे थे, उस समय उन्हें एहसास हुआ कि असल में राज कपूर कौन है। वो सिर्फ राज कपूर को अपने नाना के तौर पर जानते थे क्योंकि साल में बस गर्मियों की छुट्टियों में उनका मुंबई आना होता था।

राज कपूर से जुड़ा पुराना किस्सा

एक पुराना किस्सा याद करते हुए निखिल नंदा ने बताया कि उन्हें वास्तव में राज कपूर जी की लोकप्रियता का एहसास कॉलेज के दिनों में हुआ। निखिल ने कहा, ‘जब मैं अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया में पढ़ रहा था, तब वहां एक भीषण बर्फीला तूफान आया। करीब दो-तीन फीट बर्फ जम चुकी थी और मुझे टैक्सी मिलने का इंतजार लगभग 20 से 30 मिनट तक करना पड़ा। आखिरकार एक टैक्सी मिली। जैसे ही मैं उसमें बैठा, मैंने देखा कि उसमें राज कपूर जी के गाने बज रहे थे।’

यह भी पढे़ं- Alpha Teaser: बॉबी देओल ने सौंपा पहला मिशन तो एक्शन अवतार में दिखीं आलिया भट्ट, देखें टीजर

निखिल ने आगे बताया कि ‘वो टैक्सी ड्राइवर रूसी था। मैंने उससे कहा कि राज कपूर मेरे नानाजी हैं, लेकिन उसे लगा कि मैं मजाक कर रहा हूं। संयोग से मेरे पास परिवार की एक तस्वीर थी। मैंने वो तस्वीर उसे दिखाई। तस्वीर देखते ही उसने तुरंत गाड़ी रोक दी और मेरी बात पर यकीन कर लिया। उसने मुझसे किराया भी नहीं लिया। उसी पल मुझे एहसास हुआ कि राज कपूर जी ने दुनिया भर के लोगों के दिलों में कितनी गहरी जगह बनाई थी।’

नव्या नंदा के बिजनेस ज्वाइन करने पर रखी राय

बता दें कि निखिल नंदा राज कपूर के नाती और अमिताभ बच्चन के दामाद होने के अलावा एस्कॉर्ट्स कुबोटा के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं। इस पॉडकास्ट में निखिल नंदा ने अपनी जिंदगी से जुड़ी काफी बातों पर बात की। अपनी बेटी नव्या नंदा के बिजनेस ज्वाइन करने पर भी उन्होंने यहां अपनी राय रखी। निखिल का कहना था कि उनकी बेटी नव्या नंदा को सिर्फ इसलिए एस्कॉर्ट्स कुबोटा में कोई पॉजीशन नहीं मिलेगी क्योंकि वो नंदा या बच्चन है। नव्या को ये जगह कमानी पड़ेगी, अपनी काबिलियत दिखानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरनेम आपके लिए रास्ते खोल सकता है लेकिन गारंटी पॉजिशन नहीं दिला सकता।