प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने साल 2022 में अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास का स्वागत किया था। हाल ही में एक इंटरव्यू में निक जोनस ने पहली बार खुलकर मालती के जन्म से जुड़ा अपना दर्द और संघर्ष साझा किया। इस दौरान वह भावुक हो गए। निक ने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण मालती को तीन महीने से ज्यादा समय तक अस्पताल में रहना पड़ा और उसे छह बार खून भी चढ़ाना पड़ा था। इस मुश्किल समय में निक ने प्रियंका की हिम्मत और मजबूती की खुलकर तारीफ की।
जय शेट्टी के पॉडकास्ट में बात करते हुए निक ने कहा कि अगर वह अपने छोटे वर्जन को कोई सलाह देंगे तो यही कहेंगे कि वह खुद को खुशकिस्मत माने, क्योंकि उसे प्रियंका चोपड़ा जोनास से शादी करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि प्रियंका एक शानदार इंसान हैं और उनकी बेटी मालती भी बेहद खास है। निक ने बताया कि मालती हाल ही में चार साल की हुई है और उसे देखकर उन्हें लगता है कि वह भविष्य में बहुत कमाल करने वाली है। एक पिता के तौर पर यह सब देखना उनके लिए बेहद खुशी की बात है।
मालती के जन्म के समय की यादें साझा करते हुए निक की आंखें भर आईं। उन्होंने बताया कि मालती का जन्म तय समय से पहले हुआ था। वह अप्रैल में आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही जन्म लेना पड़ा। मालती का जन्म सरोगेसी के जरिए हुआ था और उस वक्त वह सिर्फ 1 पाउंड 11 आउंस की थी। जन्म के समय उसका रंग नीला-बैंगनी हो गया था, जिससे हालात और भी डरावने लग रहे थे।
निक ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने फरिश्तों की तरह मालती की जान बचाई। उन्होंने बताया कि कोविड के दौरान वह और प्रियंका साढ़े तीन महीने तक अस्पताल में रोज 12-12 घंटे बिताते थे। हर दिन डर और उम्मीद दोनों साथ रहते थे। मालती ने रोज संघर्ष किया, धीरे-धीरे उसका वजन बढ़ा और छह बार खून चढ़ने के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। आखिरकार साढ़े तीन महीने बाद वह अपनी बेटी को घर ले जा पाए।
प्रियंका को बताया शानदार महिला
मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ कैसे दिया, इस बारे में निक ने बताया कि वह और प्रियंका हर दिन बैठकर बेटी की देखभाल को लेकर गंभीर बातें करते थे। दोनों एक-दूसरे का और मालती का ध्यान रखने की पूरी कोशिश करते थे, ताकि हालात उन्हें मानसिक रूप से बहुत ज़्यादा परेशान न कर दें। निक ने कहा कि माता-पिता बनना वैसे ही आसान नहीं होता, और बच्चे के शुरुआती दिन तो और भी चुनौतीपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में भावनात्मक रूप से मजबूत रहना और एक-दूसरे का सहारा बनना सबसे जरूरी था। उन्होंने बताया कि यह आपसी समझ और साथ उनके लिए बहुत स्वाभाविक था और इसी ने उन्हें उस मुश्किल दौर से निकलने में मदद की।
यह भी पढ़ें: ‘वर्जिन पत्नी मत ढूंढो…’ ये बयान हुआ वायरल तो प्रियंका चोपड़ा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ये मैं नहीं हूं….
प्रियंका की मजबूती की तारीफ करते हुए निक ने कहा कि उनकी पत्नी बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनका दिल व सोच बहुत सच्ची है। जिस हिम्मत और समझदारी के साथ प्रियंका ने हालात का सामना किया, वह उनके लिए प्रेरणा देने वाला था। उन्होंने माना कि वह समय बहुत कठिन था, लेकिन अपनी बेटी के लिए प्रियंका और भी ज्यादा मजबूत बनकर खड़ी रहीं। साढ़े तीन महीने चले उस मुश्किल दौर से कैसे निकल पाए, इस पर निक ने कहा कि सबसे ज्यादा मदद उन्हें एक-दूसरे के प्रति धैर्य बनाए रखने से मिली।
