हाल ही में मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान नेहा धूपिया पैपराजी पर नाराज हो गईं। उन्होंने फोटोग्राफरों द्वारा पीछे से तस्वीरें और वीडियो बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बेहद अपमानजनक और असम्मानजनक बताया। साथ ही, उन्होंने ऐसी कवरेज को तुरंत बंद करने की मांग की।

नेहा का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह गुस्से में पैपराजी से जवाब मांगती दिख रही हैं। उन्होंने बार-बार इस तरह के कैमरा एंगल का इस्तेमाल करने पर नाराजगी जताई और इसे तुरंत बंद करने की मांग की।

वीडियो में नेहा कहती सुनाई देती हैं, “ये बदतमीजी से बैकशॉट कौन लेता है तुम लोगों में से? छापता कौन है? मेरा नहीं करना है। किसी का नहीं करना है। बोल-बोल कर थक गए हैं। ये सब नहीं चलेगा अब। बंद करो ये सब। हम आपको बार-बार बोल रहे हैं। ऐसा मत कीजिए। हम लोग बहुत इज्जत से आप लोगों से बात करते हैं, लेकिन ये बिल्कुल सहा नहीं जाएगा।”

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेहा ने एक फिटनेस इवेंट के दौरान वायरल हुए पुराने वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनका विरोध सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि मीडिया कवरेज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की मांग को लेकर है।

नेहा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोगों ने उनके रुख का समर्थन करते हुए कहा कि पैपराजी को सेलिब्रिटीज की निजता और गरिमा का सम्मान करना चाहिए।

गौरतलब है कि इससे पहले सप्तमी गौड़ा, रुक्मिणी वसंत और सोनाक्षी सिन्हा जैसी अभिनेत्रियां भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में महिलाओं को वस्तु की तरह दिखाने वाले कैमरा एंगल और पैपराजी की कार्यशैली पर सवाल उठा चुकी हैं।