मां चाहती थीं बेटी बने IAS लेकिन परिवार से बगावत कर फिल्मों में चली आईं नीना गुप्ता, जानिए पूरी कहानी
नीना गुप्ता ने कहा था कि मुंबई आने का कारण प्यार से ज्यादा सहारा था। बता दें नीना गुप्ता अपने बॉयफ्रेंड के साथ मुंबई आई थीं।

नीना गुप्ता आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। नीना गुप्ता, शबाना आजमी और स्मिता के काल की हीरोइन हैं जिनकी समानांतर सिनेमा में योगदान की काफी चर्चा होती है। लेकिन नीना गुप्ता को फिल्ममेकर श्याम बेनेगल से इस बात की शिकायत भी है कि उन्होंने अपने फिल्मों में सारी मुख्य भूमिकाएं शबाना और स्मिता पाटिल को ही दिए।
फिल्म इंडस्ट्री में 37 साल से उपर गुजार चुकीं नीना अपने करियर और निजी जीवन के बारे में बात करते हुए फिल्म क्रिटिक अनुपमा चोपड़ा से कहा था कि उनका परिवार उनके फिल्मों में आने से काफी नाराज थे। माता-पिता चाहते थे नीना पढ़-लिखकर आईएएस बनें लेकिन नीना को फिल्मों में इंट्रेस्ट था। नीना को फिल्मों ने अपनी तरफ और आकर्षित किया जब उनको दिल्ली में ही आधारशिला फिल्म में काम मिल गया।
हिंदी फिल्मों से मां को थी नफरत
नीना गुप्ता ने इंटरव्यू में बताया था कि उस जमाने में उनकी मां डबल एमए थीं। राजनीति शास्त्र और संस्कृत में एमए किया था। इसके साथ ही वह कांग्रेस भी जुड़ी थीं। नीना गुप्ता के मुताबिक उनकी मां पूरी तरह से देसी थीं लेकिन वह हिंदी फिल्मों से नफरत करती थीं। वह अंग्रेजी फिल्में ही देखा करतीं। वह गांधीवादी थीं लेकिन रिचर्ड एटनबरो की गांधी फिल्म में नीना के काम से वह खुश नहीं थीं। हिंदी फिल्मों को वह हेय दृष्टि से देखती थीं। नीना की मां चाहती थीं कि उनकी बेटी आईएएस बनें।
नीना के फिल्मों में आने से मां काफी थीं नाराज
नीना ने ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद सीधे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन ले लिया। इसके साथ ही वह एमए (संस्कृत) की डिग्री भी ली। एक्टिंग में करियर को लेकर परिवार खिलाफ था। लेकिन नीना ने अपने पैरेंट्स की बात बिल्कुल नहीं सुनी। नीना को इस बात की परवाह बिल्कुल नहीं थी कि अगर एक्टिंग में करियर नहीं बना तो उनका परिवार उनको अपनाएगा नहीं।
बॉयफ्रेंड ने दिया सहारा
नीना गुप्ता ने कहा था कि मुंबई आने का कारण प्यार से ज्यादा सहारा था। बता दें नीना गुप्ता अपने बॉयफ्रेंड के साथ मुंबई आई थीं। दोनों एक दूसरे को सहारा दिए। नीना ने बाद में इस बात को स्वीकार भी किया था कि रिलेशनशिप की वजह से उनको फिल्मों में ज्यादा काम नहीं मिला।