अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की खबर ने सबको हैरान कर दिया है। उनके फैंस के साथ-साथ म्यूजिक इंडस्ट्री और एक्टर्स तक ने इस बात पर हैरानी जताई है। नीना गुप्ता ने उनके इस कदम को बहादुरी बताया है और उनके बेहतर भविष्य की कामना की है। उनके अलावा श्रेया घोषाल ने भी अरिजीत के फैसले पर रिएक्शन देते हुए शुभकामनाएं दी हैं। अरमान मलिक ने भी अरिजीत सिंह के सिंगिंग संन्यास लेने के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। तीनों कलाकारों ने अरिजीत के इस कदम को साहसिक और बेहद व्यक्तिगत फैसला बताते हुए उनकी सराहना की है। साथ ही यह भी माना कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को पिछले एक दशक की सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय आवाजों में से एक की कमी जरूर खलेगी।
नीना गुप्ता ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि शुरुआत में वह इस घोषणा से हैरान रह गई थीं, लेकिन बाद में उन्हें यह फैसला बेहद प्रेरणादायक लगा। उन्होंने कहा, “पहले तो मुझे बहुत हैरानी हुई, लेकिन फिर लगा कि यह उनका बहुत बहादुरी भरा फैसला है। कई बार हम एक ही ढर्रे में फंस जाते हैं। उन्होंने कहा है कि वह संगीत के बारे में और ज्यादा सीखना चाहते हैं, जो वाकई बहुत अच्छी बात है। मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं।” नीना गुप्ता ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री उन्हें और उनके गानों को जरूर मिस करेंगी, लेकिन संभव है कि अरिजीत आगे कुछ नया और अलग लेकर आएंगे।
वहीं श्रेया घोषाल ने अरिजीत की पोस्ट पर इंस्टाग्राम के जरिए प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि यह उनके जीवन का एक नया अध्याय हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि यह बदलाव अरिजीत के संगीत सफर को एक नई दिशा दे सकता है। कुल मिलाकर, फिल्म और संगीत जगत में अरिजीत सिंह के फैसले को सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव के साथ देखा जा रहा है, भले ही उनके प्लेबैक से हटने का फैसला फैंस और इंडस्ट्री के लिए भावुक कर देने वाला हो।
यह भी पढ़ें: Arijit Singh Fees: एक ट्रैक के कितने करोड़? अरिजीत सिंह की फीस जानकर चौंक जाएंगे
अरिजीत ने इंस्टाग्राम पर अपने फैसले की घोषणा की और कुछ देर बाद ही श्रेया घोषाल ने उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, “यह अरिजीत सिंह के जीवन का एक नया फेज है और मैं सच में यह सुनने, महसूस करने और अनुभव करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं कि यह जीनियस आगे क्या रचता है। मैं इसे कभी भी एक युग का अंत नहीं कह सकती।”
यह भी पढ़ें: कभी ‘सुल्तान’ के गाने के साथ रिटायर होना चाहते थे अरिजीत सिंह, अब सलमान खान का गाना बना आख़िरी सॉन्ग
उन्होंने आगे कहा कि अरिजीत जैसी प्रतिभा वाले कलाकार को किसी एक ढांचे या फॉर्मूले में नहीं बांधा जा सकता। श्रेया ने उन्हें आगे बढ़ते रहने और और ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
