नीना गुप्ता उन बेबाक लोगों में से एक हैं जो कभी अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बोलने से नहीं हिचकिचाईं। 1980 के दशक में उनके और वेस्ट इंडीज के पूर्व क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स के बीच लव अफेयर था। उस समय दोनों के प्यार की खबरें क्रिकेट की दुनिया से लेकर फिल्मी दुनिया के गलियारों में छाई हुई थीं। दोनों कभी शादी नहीं कर पाए, लेकिन उनके इस रिश्ते से एक बेटी है, जो हैं इंडस्ट्री की जानी मानी फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता। जिन्हें नीना ने अकेले पाला है और 50 साल की उम्र में आकर नीना ने दिल्ली के चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक मेहरा के साथ घर बसाया। अब हाल ही में नीना ने विवियन संग अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की और बताया कि उन दोनों ने शादी क्यों नहीं की।

शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में नीना गुप्ता ने बताया कि उनका और विवियन का साथ कम समय का था, लेकिन जितना समय दोनों ने बिताया वो बेहद खूबसूरत था। जब नीना से पूछा गया कि क्या वे दोनों सचमुच एक-दूसरे से प्यार करते थे, तो उन्होंने जवाब दिया, “उनसे पूछो। हर कोई उनसे पूछने से डरता है। आप सभी सिर्फ मुझसे ही क्यों पूछते हैं? मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे से प्यार करते थे। हालांकि हम थोड़े समय के लिए ही साथ थे, लेकिन हमने जो समय साथ बिताया वह बहुत ही खूबसूरत था।”

क्यों नहीं की शादी?

जब नीना से पूछा गया कि उन्होंने विवियन से शादी क्यों नहीं की तो उन्होंने कहा, “वो पहले से शादीशुदा था, मैं शादी कैसे करती। इसके अलावा, ये संभव भी नहीं था। या तो मुझे अपना काम छोड़कर वेस्ट इंडीज जाना पड़ता, या उन्हें अपना करियर छोड़कर भारत आना पड़ता; इनमें से कोई भी संभव नहीं था।”

यह भी पढे़ं: ‘क्योंकि जरूरत थी’, नीना गुप्ता ने बताई 50 साल की उम्र में शादी करने की वजह

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे शादीशुदा होने के बावजूद इस बात से सहमत थे कि नीना उनके बच्चे को जन्म दें। इसपर एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी। अपने जीवन के उस दौर को याद करते हुए, उन्होंने स्वीकार किया कि भावनाओं ने उनके फैसलों को प्रभावित किया। हालांकि उन्होंने ये भी कहा, “उस समय मैं प्यार में अंधी थी।”

यह भी पढ़ें: नीना गुप्ता ने बताया हिंदी सिनेमा में क्यों नहीं चलते सीक्वल, ‘धुरंधर’ के दूसरे पार्ट को लेकर कही ये बात

इसके अलावा नीना गुप्ता ने ये भी माना कि उन्होंने अपनी बेटी को पालने के लिए विवियन की कोई मदद नहीं ली। उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता से भी कभी मदद नहीं मांगी। उनका कहना है कि उन्हें अकेले सब संभालने में दिक्कत हुई, लेकिन वो इस बात पर गर्व करती हैं।

पुरुषों पर बोलीं नीना गुप्ता

कुछ समय पहले Humans of Bombay से बातचीत में नीना गुप्ता ने शादी और पुरुष-महिला सोच को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि पारंपरिक और पुरुष-प्रधान समाज में मजबूत और आत्मनिर्भर महिलाओं को अक्सर शादी के लिए सही नहीं माना जाता। उन्होंने कहा कि ज़्यादातर पुरुष ऐसी महिलाओं को पसंद नहीं करते जो अपने विचार रखती हों, काम को लेकर गंभीर हों और अपने करियर के प्रति समर्पित हों। उन्होंने साफ किया कि वह यह बात सब पर लागू नहीं कर रहीं, लेकिन अपने अनुभव और समाज में जो देखा है, उसके आधार पर कह रही हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें….