बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। कभी सुनीता आहूजा के साथ उनकी तलाक की खबरें, तो कभी उनकी प्रोफेशनल लाइफ सुर्खियों में ही रहती है। अब हाल ही में नीलम कोठारी ने भी एक्टर को लेकर बात की है। बता दें कि नीलम और गोविंदा ने साथ में ‘इल्जाम’ और ‘लव 86’ जैसी फिल्मों में काम किया था। इन मूवीज में उनका ऑनस्क्रीन रोमांस देखने के बाद रियल लाइफ में भी उनके लिंक-अप की अफवाहें उड़ने लगीं।
यहां तक कि गोविंदा ने तो एक इंटरव्यू में यह माना भी था कि वह नीलम की तरफ बहुत आकर्षित थे, लेकिन नीलम ने कई बार इन अटकलों को खारिज किया और इसे सिर्फ मीडिया द्वारा बनाई गई गॉसिप बताया। अब उषा काकडे प्रोडक्शंस के साथ एक पॉडकास्ट में बात करते हुए अभिनेत्री ने एक बार फिर 90 के दशक में गोविंदा के साथ अपने अफवाह वाले रिश्ते के बारे में बात की और इसे खारिज किया।
क्या बोलीं नीलम कोठारी
जब होस्ट ने नीलम से समीर सोनी से शादी करने से पहले गोविंदा के प्रति उनके लगाव के बारे में पूछा, तो अभिनेत्री ने कहा, “ओ तेरी, यह किसने कहा? गोविंदा बहुत ही अच्छे इंसान हैं, मगर यह जो सवाल है, यह सच नहीं है।”
‘द फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ स्टार ने आगे कहा, “वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं और हमने कई हिट फिल्में की हैं, लेकिन यह सच नहीं है। सॉरी, सॉरी, लेकिन यह बिल्कुल सच नहीं है। हमारे बीच कुछ भी नहीं था।” 2024 में हॉटरफ्लाई के साथ एक इंटरव्यू के दौरान, नीलम से गोविंदा के साथ उनके रिलेशनशिप की अफवाहों के बारे में पूछा गया था, जिस पर उन्होंने कहा था, “ऐसा नहीं था… मुझे लगता है कि लिंक-अप पूरे खेल का हिस्सा थे। कोई सफाई देने वाला नहीं था।”
नीलम ने आगे कहा था, “उन्होंने बस वही छापा जो उन्हें सही लगा और सच कहूं तो मुझे लगता है कि उन दिनों हम प्रेस से डरते थे। क्योंकि यह कलम की ताकत थी, और यह बस उसका एक हिस्सा था। अगर आप 2-3 से ज्यादा फिल्में करते थे, तो यह मान लिया जाता था कि आप साथ हैं।”
