पैन इंडिया स्टार यश अपनी आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस मूवी में उनके साथ नयनतारा, हुमा कुरैशी, कियारा आडवाणी समेत कई सितारे नजर आने वाले हैं। शनिवार को मेकर्स ने बेंगलुरु में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट का आयोजन किया, जिसे लोगों ने काफी पसंद भी किया। इसी इवेंट में नयनतारा ने डायरेक्टर गीतू मोहनदास और एक्टर यश के साथ काम करने का अनुभव शेयर किया। साथ ही उन्होंने अपनी को-स्टार्स रुक्मिणी वसंत और कियारा आडवाणी समेत बाकी कास्ट की भी जमकर तारीफ की।

गीतू मोहनदास और यश के साथ काम करने पर बोलीं नयनतारा

ट्रेलर लॉन्च इवेंट में नयनतारा ने सबसे पहले बताया कि वह फिल्मों के प्रमोशनल इवेंट्स में क्यों शामिल नहीं होती हैं। उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि मैं प्रमोशनल इवेंट्स में नहीं आना चाहती, बस मैं इसमें बहुत अच्छी नहीं हूं। इसलिए मैं इससे दूर रहती हूं। लेकिन यह फिल्म मेरे लिए खास थी। यश ने बस मुझे फोन किया और उनके एक फोन पर मैं इस इवेंट में आने के लिए तैयार हो गई। इन लोगों के पास जिस तरह का विजन है, वह शानदार है। मैं हमारे प्रोड्यूसर को धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने गीतू के विजन पर भरोसा किया। वह उन सबसे अच्छे प्रोड्यूसर्स में से एक हैं, जिनके साथ मैंने काम किया है।”

यह भी पढ़ें: ‘इस तरह का क्लिकबेट कंटेंट ठीक नहीं’, प्रीति जिंटा ने आमिर खान को इग्नोर करने वाले वायरल वीडियो पर जताई नाराजगी

गीतू मोहनदास के साथ काम करने को लेकर नयनतारा ने कहा, “गीतू और मेरा सफर काफी लंबा और खूबसूरत रहा है। करीब 20 साल पहले हमने एक फिल्म में साथ काम किया था। तब गीतू अलग थीं। जब उन्होंने मुझे इस फिल्म के लिए फोन किया, तो मैं पूरी तरह तैयार नहीं थी, क्योंकि इस फिल्म में बहुत सारे एक्टर्स हैं। आमतौर पर मैं ऐसी फिल्मों को लेकर थोड़ी सावधान रहती हूं, जिनमें बहुत सारे कलाकार हों। जब गीतू ने मुझे फोन किया तो मैंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि मैं यह फिल्म करना चाहती हूं। उन्होंने मुझसे कई बार बात की। इसके बाद मैंने उनसे कहा कि वह मेरे पास आकर फिल्म की कहानी सुनाएं।”

उन्होंने आगे कहा, “उसके बाद से मैं सोचने लगी कि यह कैसी डायरेक्टर हैं, जिन्हें हमने पहले इस तरह नहीं देखा। आपने ट्रेलर देखा है, लेकिन फिल्म आपको हैरान कर देगी। गीतू के बारे में मेरे पास कहने के लिए बहुत कुछ है। जिस तरह की इंसान आप हैं और जिस तरह आपने हर एक एक्टर का ध्यान रखा, जब किसी को जरूरत थी तो उन्हें प्यार दिया। हर एक्टर के अपने मुश्किल पल रहे हैं और गीतू उस समय उनका हाथ पकड़कर उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने हर किसी के लिए अपना बेस्ट किया।”

यश को रॉकी भाई कहती हैं नयनतारा

यश की तारीफ करते हुए नयनतारा ने उन्हें प्यार से ‘रॉकी भाई’ कहा। उन्होंने कहा, “जब मैं पहली बार यश से मिली, तब तक मैं कई सुपरस्टार्स और एक्टर्स के साथ काम कर चुकी थी। यश से पहली बार मिलने पर मुझे लगा कि पर्दे पर उनकी जो बड़ी और दमदार इमेज है, वह असल जिंदगी में भी वैसी ही है। मैंने आज तक यश से ज्यादा मेहनती एक्टर नहीं देखा। हर दिन सेट पर उन्हें काम करते देखकर मैं हैरान रह जाती थी।”

अभिनेत्री ने आगे कहा, “इस आदमी ने अपनी जिंदगी के साढ़े चार साल इस फिल्म को दिए। उन्होंने अपने परिवार और बच्चों के साथ बिताने वाला समय तक कुर्बान कर दिया। उनका पूरा ध्यान सिर्फ काम पर था। मैंने कभी किसी एक्टर को डायरेक्टर का इस तरह ख्याल रखते हुए नहीं देखा। मेरे दिल में एक्टर, प्रोड्यूसर और इंसान के तौर पर उनके लिए बहुत प्यार और सम्मान है।”

नयनतारा ने आगे यश की पत्नी राधिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं राधिका का भी जिक्र करना चाहती हूं। लोग कास्ट और क्रू के बारे में बात करते हैं, लेकिन परिवार के बलिदान के बारे में कोई बात नहीं करता। वह यश की सबसे बड़ी ताकत रही हैं।”

इसके बाद नयनतारा ने अपनी को-स्टार्स कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया समेत बाकी कलाकारों की भी तारीफ की। रुक्मिणी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “रुक्मिणी, तारा, कियारा, हुमा को ढेर सारा प्यार। मैं रुक्मिणी का सफर देख रही हूं और उन्होंने जिस तरह की शानदार फिल्में की हैं, उन्हें देखकर मुझे बहुत गर्व होता है।”

उन्होंने तारा सुतारिया को ‘क्यूट प्रिंसेस’ कहा और हुमा कुरैशी की भी तारीफ की। हुमा के बारे में नयनतारा ने कहा, “सेट पर मेरी एक दोस्त बनी। हुमा और मैंने सबसे ज्यादा बात की, क्योंकि हमारे सबसे ज्यादा सीन साथ थे। उनके साथ काम करने का मेरा अनुभव बहुत शानदार रहा।” कियारा की तारीफ करते हुए नयनतारा ने कहा कि ‘टॉक्सिक’ उनके करियर के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकती है। कियारा की यह आपके पूरे करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है। ‘टॉक्सिक’ से पहले एक कियारा होगी और ‘टॉक्सिक’ के बाद एक अलग कियारा होगी। यह फिल्म आपके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्म होगी।” बता दें कि ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

यह भी पढ़ें: ‘जो सही लगे, वो करो’, ‘टॉक्सिक’ के गाने पर कियारा आडवाणी की ट्रोलिंग को लेकर यश का मुंहतोड़ जवाब