Navratri Special 2026: नवरात्रि में हर कोई माता की भक्ति में डूबा रहता है। ऐसे में हम आज आपको एक ऐसी फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं जिसके कराण थिएटर भी मंदिरों में बदल गए थे। वैसे तो 70 के दशक की सुपरहिट फिल्मों की बात आते ही ज्यादातर लोगों के जहन में सबसे पहले ‘शोले’ का नाम आता है, लेकिन उसी दौर में एक ऐसी फिल्म भी रिलीज हुई थी, जिसने अपनी अलग पहचान बनाते हुए बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया। यह फिल्म न तो एक्शन थी, न कॉमेडी और न ही कोई रोमांटिक कहानी बल्कि पूरी तरह एक धार्मिक फिल्म थी। नाम था ‘जय संतोषी मां’।

इस फिल्म ने कम बजट में ऐसा कमाल किया कि आज भी इसे हिंदी सिनेमा की सबसे अनोखी सफल फिल्मों में गिना जाता है। करीब 25 लाख रुपये में बनी इस फिल्म ने लगभग 5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, यानी करीब 2000% मुनाफा। उस दौर में यह किसी चमत्कार से कम नहीं था।

जब थिएटर बन गए थे मंदिर

‘जय संतोषी मां’ सिर्फ एक फिल्म नहीं रही, बल्कि लोगों की आस्था का हिस्सा बन गई। दर्शकों पर इसका असर इतना गहरा था कि सिनेमाघर मानो मंदिर में बदल गए थे। लोग दूर-दूर के गांवों से बैलगाड़ियों में बैठकर फिल्म देखने पहुंचते थे।

कई जगहों पर दर्शक थिएटर में प्रवेश करने से पहले अपने जूते-चप्पल बाहर उतार देते थे, ठीक वैसे ही जैसे मंदिर में जाते समय करते हैं। फिल्म शुरू होते ही स्क्रीन पर संतोषी माता के दर्शन होते, तो लोग भाव-विभोर होकर माला चढ़ाते, सिक्के उछालते और हाथ जोड़कर पूजा करते थे।

यह भी पढ़ें: ‘अब फिल्में सियासत के लिए बन रही हैं’, Dhurandhar 2 के खिलाफ छिड़ी सियासी जंग, विपक्षी नेताओं ने की बैन की मांग

फिल्म खत्म होने पर बंटता था प्रसाद

इस फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शो खत्म होने के बाद कई सिनेमाघरों में प्रसाद भी बांटा जाता था। यानी फिल्म देखना एक धार्मिक अनुष्ठान जैसा अनुभव बन चुका था।

बिना हीरो-विलेन के बनी सबसे बड़ी हिट

दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में न कोई बड़ा स्टार था, न ही पारंपरिक हीरो-विलेन का कॉन्सेप्ट। फिर भी इसकी सादगी और भक्ति से भरी कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उस समय रिलीज हुई ‘शोले’ जैसी बड़ी फिल्म भी मुनाफे के प्रतिशत के मामले में इससे पीछे रह गई।

जहां ‘शोले’ करीब 3 करोड़ के बजट में बनी और 15 करोड़ का कारोबार कर पाई (लगभग 400% मुनाफा), वहीं ‘जय संतोषी मां’ ने 2000% तक का मुनाफा देकर सबको चौंका दिया।

यह भी पढ़ें: ‘अब हर कोई इसे देखेगा’, ध्रुव राठी ने आदित्य धर को बताया था BJP का प्रचारक, अब ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बीच फिर किया पोस्ट

100 दर्शकों से हाउसफुल तक का सफर

कहा जाता है कि रिलीज के पहले दिन इस फिल्म को देखने के लिए महज 100 लोग ही थिएटर पहुंचे थे। लेकिन उन कुछ दर्शकों पर फिल्म का ऐसा असर हुआ कि उन्होंने इसकी चर्चा हर जगह शुरू कर दी। नतीजा ये हुआ कि अगले ही दिन से सिनेमाघर हाउसफुल होने लगे।

धीरे-धीरे फिल्म के शोज बढ़ाए गए और देखते ही देखते यह फिल्म एक जन-आंदोलन जैसी बन गई, जहां हर कोई इसे देखने और अनुभव करने के लिए उत्सुक था। ‘जय संतोषी मां’ ने यह साबित कर दिया कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है-यह लोगों की भावनाओं, आस्था और विश्वास से भी गहराई से जुड़ सकता है। यही वजह है कि आज भी इस फिल्म की सफलता को एक मिसाल के तौर पर याद किया जाता है।