बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और उनकी पत्नी अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह दोनों ही मशहूर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के स्टूडेंट रह चुके हैं। इनके अलावा ओम पुरी, इरफान खान, अनुपम खेर, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंकज त्रिपाठी, नीना गुप्ता और पीयूष मिश्रा समेत कई नाम शामिल हैं। अब दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने एनएसडी को लेकर बात की और माना कि उन्होंने इस इंस्टीट्यूट से एक्टिंग नहीं सीखी।

एनएसडी में रहते एक्टिंग के बारे में नहीं सीखा: नसीरुद्दीन

कर्टन कॉल विद आहना कुमरा से बात करते हुए नसीरुद्दीन शाह ने कहा, “जब मैं एनएसडी में था, तब वहां कोई भी ऐसा एक्टिंग टीचर नहीं था, जिसका नाम लेने लायक हो।” इसके बाद उन्होंने बताया कि कैसे इंस्टीट्यूट में एक टीचर ने उन्हें एक्टिंग का डिसिप्लिन सिखाया, लेकिन उनके समय में किसी ने भी उन्हें एक्टिंग की बारीकियों के बारे में नहीं सिखाया।

यह भी पढ़ें: बंधन नहीं, इमोशन: एक ऐसी लव स्टोरी जो आत्मा तक उतर जाए

अभिनेता ने आगे कहा, “लेकिन जहां तक काम की बारीकियों की बात है, सालों तक कई नाटकों में एक्टिंग का अनुभव हासिल करने के अलावा मैंने एनएसडी में रहते हुए एक्टिंग के बारे में कुछ भी नहीं सीखा।” शाह के बाद रत्ना पाठक ने भी इस बारे में बात करते हुए कहा, “बिल्कुल, जब मैं एनएसडी गई, उनके पास आउट होने के सात साल बाद तक भी उन्हें कोई अच्छा एक्टिंग टीचर नहीं मिला था।” फिर नसीर ने बीच में कहा, “उन्हें अब तक नहीं मिला है।”

असफल लोग एनएसडी में आते हैं पढ़ाने

नसीरुद्दीन ने यह भी बताया कि वह एक्टिंग क्लास लेने और स्टूडेंट्स की मदद करने के लिए एनएसडी क्यों जाते रहते हैं। उन्होंने बताया कि इससे उन्हें एक्टिंग के बारे में और भी सीखने को मिलता है। अभिनेता ने कहा, “सिर्फ असफल लोग ही एनएसडी में पढ़ाने आते हैं। इसीलिए मैंने इन बच्चों की मदद करना अपनी जिम्मेदारी समझा। मैं खुद को कोई एनएसडी नहीं मानता, लेकिन जब से मैंने स्टूडेंट्स के साथ काम करना शुरू किया है, मैंने अपनी जिंदगी के 30-40 सालों में जितना सीखा है, उससे ज्यादा एक्टिंग के बारे में सीखा है।”

यह भी पढ़ें: रोमांस, ब्रेकअप और रियलिटी: दशकों के साथ बदला बॉलीवुड में लव स्टोरी का चलन