हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली और बेबाक अभिनेताओं में गिने जाने वाले नसीरुद्दीन शाह ने अपने दमदार अभिनय और सशक्त व्यक्तित्व से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया है। समानांतर सिनेमा से लेकर मुख्यधारा की फिल्मों तक, उन्होंने हर किरदार को अपनी अदाकारी से यादगार बनाया है।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नसीरुद्दीन शाह न केवल एक उम्दा अभिनेता हैं, बल्कि थिएटर की दुनिया का भी एक बड़ा नाम हैं। चलिए आज आपको अभिनेता के जन्मदिन पर उनकी लाइफ से जुड़ी कुछ दिलचस्प चीजें बताते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘इंटिमेट पलों में करते थे मारपीट’, ‘रेडी’ एक्ट्रेस इवा ग्रोवर ने आमिर खान के सौतेले भाई संग शादी का दर्द किया बयां

16 साल की उम्र में मुंबई आए नसीरुद्दीन शाह

नसीरुद्दीन शाह का जन्म 20 जुलाई, 1950 को उत्तर प्रदेश में एक कस्बे के एक नवाब परिवार में हुआ था। अभिनेता के पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर बनें, अफसर बनें या फौज में जाएं, लेकिन नसीरुद्दीन शाह हमेशा से एक्टर बनना चाहते थे और उन्हें पता था कि उनका यह सपना मुंबई आकर ही पूरा हो सकता है। इस बात का जिक्र एक्टर ने अपनी ”एंड देन वन डे’ में किया था।

फिर स्कूल की पढ़ाई खत्म करने के बाद नसीरुद्दीन शाह ने कॉलेज में दाखिला लिया, लेकिन वह क्लास से ज्यादा समय सिनेमाघरों में बिताते थे। यहां तक कि फीस के पैसे भी फिल्मों पर खर्च कर देते थे। इसी दौरान अभिनेता ने मुंबई में रहने वाली अपने एक दोस्त की गर्लफ्रेंड को पत्र लिखा, जिसके पिता फिल्मों में कैरेक्टर आर्टिस्ट थे। उसका जवाब आया कि मुंबई आ जाओ, पापा तुम्हारी मदद कर देंगे।

यह बात सुनने के बाद नसीरुद्दीन शाह ने फीस के पैसों से ट्रेन का टिकट खरीद लिया, घड़ी और साइकिल बेचने की योजना बनाई और जेब में करीब पांच सौ रुपए लेकर मुंबई के चले गए। हालांकि, जिस लड़की के परिवार के भरोसे वह मुंबई आए थे, वही बेहद साधारण जिंदगी जी रही थी। फिर एक्टर कुछ दिन अपने रिश्तेदार के यहां रहे और बाद में एक फैक्ट्री के हॉल में रहने लगे। जहां रात में तीस-चालीस लोग फर्श पर सोते थे।

पहले काम के लिए मिले साढ़े सात रुपये

मुंबई में रहने के लिए अभिनेता ने वेटर बनने की कोशिश की और ताज होटल में बेलबॉय की नौकरी के लिए आवेदन दिया, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। फिर एक दिन एक दलाल ने उन्हें फिल्मों में एक्स्ट्रा कलाकार का काम दिलाया। वो फिल्म ‘अमन’ थी, जिसमें राजेंद्र कुमार मुख्य भूमिका निभा रहे थे। इसके लिए शाह को साढ़े सात रुपये मेहनताना मिला था।

ऐसे हुई दिलीप कुमार और नसीरुद्दीन शाह की मुलाकात

नसीरुद्दीन शाह बेहद कम उम्र में बिना बताए मुंबई आए थे। ऐसे में एक दिन वह एक रेस्तरां के बाहर फुटपाथ पर बैठे थे। तभी एक लंबी चमचमाती ग्रे रंग की लिमोजीन उनके सामने आकर रुकी। जिसके पीछे का दरवाजा खुला और उससे एक महिला उतरीं। उन्होंने पूछा कि क्या तुम्हारा नाम नसीर है।

शाह ने हैरानी में सिर हिलाया। फिर महिला ने अभिनेता को कार की आगे वाली सीट पर बैठने के लिए कहा। कुछ समय बाद शाह ने उस महिला को पहचान लिया, जो दिलीप कुमार की सबसे छोटी बहन सईदा खान थीं। दरअसल, शाह के पिता अजमेर की उस सूफी दरगाह के प्रशासक रह चुके थे, जहां दिलीप की एक और बहन सकीना आया करती थीं। दो महीने तक शाह का कोई पता न मिलने के बाद उनके पिता ने सकीना से संपर्क किया और एक पुराने परिचय के सहारे दिलीप कुमार का परिवार शाह तक पहुंचा।

फिर शाह की मुलाकात सकीना से कराई गई, जो अजमेर में उनसे पहले मिल चुकी थीं, लेकिन इस बार सकीना नाराज थीं और आखिरकार शाह ने घर लौटने की हामी भर दी। फिर कुछ दिन वह उसी बंगले की बेसमेंट में रहे, जहां एक दिन उनकी मुलाकात दिलीप कुमार से भी हुई। शाह उनसे काम मांगना चाहते थे, लेकिन उससे पहले ही दिलीप कुमार ने उन्हें समझा दिया कि अच्छे परिवारों के लड़कों को फिल्म इंडस्ट्री में नहीं आना चाहिए। कुछ दिनों बाद दिलीप के परिवार ने शाह को मेरठ भेज दिया।

लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में नसीरुद्दीन ने बताया था कि जब दिलीप कुमार ने उनसे कहा, ‘अच्छे घरों के लड़कों को फिल्मों में नहीं आना चाहिए, तो उस वक्त वो दिलीप कुमार से पूछना चाहते थे कि अगर ऐसा था, तो वह खुद इस इंडस्ट्री में क्यों आए? आप भी तो एक अच्छे परिवार से थे।”

1973 में की करियर की शुरुआत

बॉलीवुड में नसीरुद्दीन शाह की डेब्यू मूवी ‘निशांत’ थी, जो 1973 में रिलीज हुई। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिर अभिनेता ने फिल्म ‘जुनून’, ‘मंडी’, ‘पार’, ‘परजानिया’, ‘इकबाल’, ‘मोहरा’, ‘फिराक’, ‘सरफरोश’, ‘गोदाम’ समेत कई शानदार फिल्मों में काम किया।

लगभग 14 साल बड़ी लड़की से हुई पहली शादी

नसीरुद्दीन की पहली शादी मनारा सीकरी से हुई थी, जो उम्र में उनसे लगभग 14-15 साल बड़ी थीं। इस शादी से उनकी एक बेटी हीबा है। वहीं, पत्नी से अलग होने के बाद उन्होंने एक्ट्रेस रत्ना पाठक से साल 1982 में शादी की। अब नसीरुद्दीन और रत्ना के दो बेटे इमाद और विवान हैं।

3 बार जीता नेशनल अवॉर्ड

नसीरुद्दीन शाह ने एक या दो बार नहीं, बल्कि 3 बार नेशनल अवॉर्ड जीता था। इसके अलावा अभिनेता को पद्म भूषण और पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया है।

यह भी पढ़ें: स्टेज से उतरकर फैंस से मिलीं जैस्मिन सैंडलस, भीड़ ने किया परेशान; वायरल हुआ वीडियो