बॉलीवुड अभिनेता आर.माधवन और नारायण मूर्ति ने भले ही कभी एक दूसरे से पेशेवर तौर पर मुलाकात नहीं की, लेकिन एक बार दोनों के बीच दिलचस्प बातचीत हुई थी। हालांकि यह कोई निजी मुलाकात नहीं थी, बल्कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई बातचीत थी, जहां माधवन ने नारायण मूर्ति का इंटरव्यू लिया था।

इस बातचीत का मुख्य विषय भारत का भविष्य था, लेकिन इसके साथ ही कुछ भावुक और दिल छू लेने वाले पल भी देखने को मिले, जब दोनों ने एक-दूसरे से अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवाल पूछे।

भारत-सिंगापुर एक्सपो के दौरान आयोजित एक सत्र में माधवन ने नारायण मूर्ति का इंटरव्यू लिया था। इस बातचीत में देश के भविष्य और आईटी सेक्टर जैसे गंभीर मुद्दों के अलावा दोनों ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कुछ मजेदार किस्से भी साझा किए थे।

बाद में दिए एक इंटरव्यू में माधवन ने बताया कि वह नारायण मूर्ति को अपना आदर्श मानते हैं और उनसे बातचीत करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। बातचीत के दौरान मूर्ति ने मजाकिया अंदाज में अभिनेता से उनकी पसंदीदा हीरोइन के बारे में पूछा। माधवन ने जवाब दिया कि उनकी पसंदीदा हीरोइन हमेशा उनकी पहली फिल्म अलै पायुथे की को-स्टार शालिनी रहेंगी।

यह भी पढ़ें: ‘खाने में होती है A, B और C कैटेगरी’, जतिन नेगी और सुनीता राजवार ने बताया इंडस्ट्री में कैसे होता है कैरेक्टर आर्टिस्ट के साथ व्यवहार

माधवन ने यह भी बताया कि उन्होंने नारायण मूर्ति से उनकी पत्नी सुधा मूर्ति के साथ रिश्ते को लेकर एक सवाल पूछा था। अभिनेता जानना चाहते थे कि देश के सबसे सफल उद्योगपतियों में से एक होने के बावजूद वह अपने वैवाहिक जीवन में रोमांस कैसे बनाए रखते हैं।

इस सवाल के जवाब में नारायण मूर्ति ने रोमांस की ऐसी परिभाषा दी, जिसने माधवन को हैरान कर दिया। अभिनेता ने कहा, “उन्होंने रोमांस को जिस तरह तकनीकी अंदाज में समझाया, वैसा मैंने पहले कभी नहीं सुना था। उनका जवाब इतना दिलचस्प था कि मैं उसे अभी दोहराना नहीं चाहता, क्योंकि मैं उसे अपनी किसी फिल्म में इस्तेमाल करना चाहता हूं।”

यह भी पढ़ें: ‘मुझे लड़कियों का स्मोकिंग करना पसंद नहीं’, शिल्पा शिंदे ने खुद को बताया रूढ़िवादी, बोलीं- बोल्डनेस अलग चीज है

माधवन के मुताबिक, नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति आज भी एक-दूसरे के प्यार में डूबे नजर आते हैं और यही बात उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित करती है।