मशहूर डायरेक्टर विशाल भारद्वाज किसी परिचय के मोहतजा नहीं हैं। इन दिनों वह शाहिद कपूर स्टारर ओ रोमियो फिल्म के प्रमोशन में बिजी चल रहे हैं। इस बीच निर्देशक ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर से जुड़ा एक किस्सा साझा किया, और बताया कि मूवी की शूटिंग के दौरान उन्होंने किस तरह तबीयत खराब होने के बाद भी एक्शन सीन की शूटिंग की थी। आइए आपके साथ इस रोचक किस्से को शेयर करते हैं।
नाना पाटेकर का नाम बॉलीवुड के चुनिंदा बेहतरीन कलाकारों की लिस्ट में शामिल किया जाता है। हर फिल्म के किरदार को खास बनाने के लिए नाना जाने जाते हैं, और दर्शकों को उनके कैरेक्टर बखूबी याद भी रहते हैं। ओ रोमियो में उन्होंने महत्वपूर्ण किरदार की भूमिका निभाई है, और अब डायरेक्टर ने उनके काम की तारीफ करते हुए एक बड़ा खुलासा किया है।
तबीयत खराब होने के बावूजद शूट किया था एक्शन सीन
ट्रेन के सेट पर एक दमदार एक्शन सीक्वेंस फिल्माया गया, जिसके बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘जब हम ट्रेन में एक एक्शन सीन की शूटिंग कर रहे थे, तो मुझे पता चला कि नाना सर की तबीयत सही नहीं है, और उन्हें 102 डिग्री बुखार है। हमने डॉक्टर को बुलाया, जिन्होंने इंजेक्शन देने के बाद नाना सर को शूटिंग ना करने की सलाह दी।’
यह भी पढ़ें: ‘ऐसा सिस्टम बना दिया है’, अभिजीत सावंत का दावा: घर चलाने जितना पैसा भी नहीं आता
द फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, विशाल भारद्वाज ने कहा कि नाना पाटेकर तबीतय सही ना होने के बावजूद शूटिंग करने के लिए तैयार थे। इस बारे में उन्होंने कहा, ‘नाना पाटेकर उस एक्शन सीक्वेंस को पूरा करने पर अड़े हुए थे। लेकिन नाना सर ने साफ शब्दों में बोला कि मैं बिल्कुल भी पीछे नहीं हटूंगा। मुझे इस सीक्वेंस को पूरा करना है। मैं इस बात की जिम्मेदारी नहीं ले सकता हूं कि मेरी वजह से फिल्म की शूटिंग कैंसिल हो गई। इसके बाद अगले चार घंटे तक उन्होंने हमारे साथ तबीतय पूरी तरह से सही ना होने के बावजूद शूटिंग की।’
फिल्म की रिलीज के बारे में बता दें कि ओ रोमियो 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म में नाना पाटेकर का रोचक किरदार देखने को मिलेगा। यही कारण है कि हर किसी को फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।
