बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। सभी के लिए ये विश्वास करना मुश्किल हो रहा है कि नाना अब दुनिया में नहीं हैं। 8 अक्टूबर को गोवा में कार्डियक अरेस्ट की वजह से नाना पाटेकर का निधन हुआ।
नाना पाटेकर, देश के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में से एक थे। लेकिन एक शानदार कलाकार होने के अलावा नाना एक सच्चे देशभक्त भी थे। उन्होंने 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान देश की सेवा की थी। नाना पाटेकर ने 2024 में दिए एक इंटरव्यू में इस विषय पर चर्चा की थी। उन्होंने बताया था कि वह कारगिल में QRT (क्विक रिएक्शन टीम) का हिस्सा थे।
कारगिल युद्ध में लड़े थे नाना पाटेकर
द लल्लनटॉप के साथ एक बातचीत में नाना पाटेकर ने याद किया था, ‘जॉर्ज फर्नांडिस रक्षा मंत्री थे और मैं (कारगिल) जाना चाहता था।’ शुरू में नाना को मना किया गया था। लेकिन रक्षा मंत्री से बात करने के बाद उन्हें उसी दिन युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया। एक्टर ने याद करते हुए कहा था, ‘मैं वहां 60 दिन था।’ जब उनसे पूछा गया कि वह वहां क्या कर रहे थे तो अभिनेता ने कहा, ‘वह मत पूछो। मैं तुम्हें नहीं बता सकता।’
उन्होंने आगे कहा था, ‘आखिरकार, मैं QRT, क्विक रिएक्शन टीम का सदस्य बन गया। जब मैं गया था तब मेरा वजन 76 किलो था। जब मैं वापस आया तो मेरा वजन 56 किलो था। सिर्फ दो महीनों में। इतना-सा तो कुछ हम कर सकते हैं देश के लिए।’

इंडिया टुडे की अगस्त 1999 की एक रिपोर्ट के अनुसार, नाना पाटेकर सैनिकों के साथ ‘दो हफ्तों से ज्यादा समय तक’ रहे थे। वो एक तरह के ‘अनौपचारिक चीयरलीडर’ के रूप में एक पोस्ट से दूसरे पोस्ट तक गए थे। रिपोर्ट में कहा गया था कि नाना ने अपनी फिल्म ‘प्रहार’ के लिए मराठा लाइट इन्फैंट्री से कड़ी ट्रेनिंग ली थी। इस फिल्म में एक्टिंग के साथ उन्होंने इसका निर्देशन भी किया था। अभिनेता के हवाले से कहा गया था, ‘हमारा सबसे बड़ा हथियार बोफोर्स नहीं है, न ही एके है, बल्कि हमारे जवान हैं।’
यह भी पढ़ें: ‘सिर्फ बारह मन लकड़ी लगेगी’, मौत से पहले ही नाना पाटेकर ने अपने अंतिम संस्कार पर की थी बात
जनरल वीके सिंह ने किया याद
नाना पाटेकर के निधन पर जनरल वीके सिंह ने उन्हें याद किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने फिल्म ‘प्रहार’ के बारे में भी बात की। जनरल वीके सिंह ने लिखा, ‘नाना पाटेकर के असामयिक निधन की खबर बेहद दुखद है। मैंने प्रहार की शूटिंग के दौरान उन्हें करीब से देखा है। वह केवल एक बढ़िया अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि एक शक्तिशाली उपस्थिति थे। उन्हें दी गई भूमिका में ढलने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। उनका समर्पण, कड़ी मेहनत और बेबाक अंदाज उनके द्वारा निभाए गए किरदार में वास्तविकता सुनिश्चित करता था। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान और उनके पीछे छोड़ी गई यादें हमेशा बनी रहेंगी। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को सद्गति प्राप्त हो। ओम शांति।’
यह भी पढ़ें: बुरी तरह जले-पेट में घुसा चाकू, जब फिल्म के सेट पर बड़े हादसे का शिकार हुए नाना पाटेकर
गोवा में नाना ने ली अंतिम सांस
नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। 8 अक्टूबर को उन्होंने अपने गोवा स्थित घर में अंतिम सांस ली। उनके बेटे मल्हार ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘हां, यह जानकारी सच है। मैं अभी पुणे में हूं और गोवा पहुंच रहा हूं। मैं जल्द बयान दूंगा। उनकी मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई है।’
नाना पाटेकर लगभग पांच दशकों तक फिल्मी दुनिया का हिस्सा रहे। उन्होंने 1978 में फिल्म ‘गमन’ से डेब्यू किया था। नाना पाटेकर ने अपने करियर के दौरान तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते। उनका पहला अवॉर्ड ‘परिंदा’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का था। उन्होंने ‘अग्नि साक्षी’ के लिए एक और बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड जीता। उनका एकमात्र बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड क्रांतिवीर के लिए आया। उन्हें 2013 में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
नाना को आखिरी बार सुरेश त्रिवेणी की फिल्म ‘सूबेदार’ में अनिल कपूर के साथ देखा गया था। उनकी आखिरी थियेट्रिकल रिलीज विशाल भारद्वाज की ‘ओ रोमियो’ थी, जिसमें शाहिद कपूर लीड रोल में थे।
