दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर ने गुरुवार सुबह करीब 2:30 बजे अपने एक दोस्त को मैसेज कर बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। इसके तीन घंटे से भी कम समय बाद अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल के मुताबिक, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई। नाना पाटेकर 75 साल के थे।
नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने द इंडियन एक्सप्रेस से उनके निधन की पुष्टि की। मल्हार ने कहा, ”हां, यह खबर सही है। मैं इस समय पुणे में हूं और गोवा पहुंच रहा हूं। मैं जल्द ही विस्तृत बयान दूंगा।” उन्होंने बताया कि नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पुणे में किया जाएगा।
महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मराठी थिएटर के साथ-साथ मराठी और हिंदी सिनेमा में नाना पाटेकर के योगदान को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। शेलार के मुताबिक, यह फैसला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ने लिया है।
गोवा में अपने घर पर थे नाना पाटेकर
नाना पाटेकर उस समय गोवा में अपने परिवार के घर पर थे। गोवा के मणिपाल अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर ने मीडिया को बताया कि उनके दोस्त ने नाना का मैसेज देर से देखा।
सालकर ने कहा, ”हमें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक नाना ने करीब रात 2:30 बजे अपने दोस्त को मैसेज किया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें बेचैनी महसूस हो रही है। लेकिन रात काफी हो चुकी थी। इसलिए उनके दोस्त मैसेज समय पर नहीं देख पाए।”
उन्होंने बताया कि दोस्त करीब सुबह 4 बजे नाना के घर पहुंचे। उस समय नाना को पसीना आ रहा था और उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद उनके केयरटेकर ने एंबुलेंस बुलाई और उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की।
सालकर ने बताया कि जब अस्पताल की इमरजेंसी टीम नाना के घर पहुंची, तब तक वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। टीम ने घर पर ही CPR शुरू किया था और CPR देते हुए उन्हें अस्पताल लाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और सुबह 5 बजकर 20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डॉ. सालकर ने कहा, ”नाना पाटेकर को करीब सुबह 4:20 बजे हमारे अस्पताल लाया गया था। हमने उन्हें बचाने के लिए पूरी कोशिश की और CPR दिया।”
मेडिकल-लीगल केस दर्ज
सालकर ने कहा कि अस्पताल को यह जानकारी नहीं थी कि नाना पाटेकर को पहले से दिल से जुड़ी कोई बीमारी थी या नहीं। उन्होंने कहा, ”यह कर्डियक अरेस्ट का मामला है लेकिन इसका कारण अभी पता नहीं है। हमे यह भी जानकारी नहीं है कि उन्हें पहले से दिल की कोई बीमारी थीया वे कोई दवा ले रहे थे।”
चूंकि नाना पाटेकर को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था, इसलिए अस्पताल ने मेडिको-लीगल केस दर्ज किया। सालकर ने बताया, ”पुलिस अस्पताल आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।”
नाना पाटेकर के निधन की खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री, नेताओं और उनके प्रशंसकों की ओर से श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा, ”नाना पर्दे पर जितने शानदार थे, दिल के भी उतने ही बड़े थे। उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा को एक पूरा दौर दिया। ‘क्रांतिवीर’ से लेकर ‘नटसम्राट’ तक, उनके दमदार और शानदार अभिनय का कोई मुकाबला नहीं था। उनका निधन फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”
फड़नवीस ने नाम फाउंडेशन के जरिए किसानों और सूखा प्रभावित लोगों के लिए नाना पाटेकर के काम को भी याद किया।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ”वरिष्ठ अभिनेता श्री नाना पाटेकर जी के निधन की खबर से मैं स्तब्ध और बेहद दुखी हूं। थिएटर, हिंदी और मराठी सिनेमा में उनके शानदार सफर, दमदार अभिनय और अपनी अलग कला शैली से उन्होंने भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और पूरी फिल्म इंडस्ट्री के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
अभिनेता रितेश देशमुख ने कहा, ”मेरे पास अपना दुख व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ऐसा लग रहा है जैसे मुझे किसी ट्रक ने टक्कर मार दी हो। नाना पाटेकर जी के निधन की खबर से मैं बेहद दुखी हूं। वह बेमिसाल अभिनेता थे और उनका किसी से मुकाबला नहीं था। अपनी अनोखी शैली और अभिनय के दम पर उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। ऐसा कोई किरदार नहीं था जिसे वह निभा ना सकें। बड़े पर्दे के हीरो से लेकर खतरनाक विलेन और गंभीर अंदाज वाली कॉमेडी तक, उन्होंने हर भूमिका शानदार तरीके से निभाई। वह पर्दे के बाहर भी एक हीरो थे और लोगों की मदद के लिए अपनी सामाजिक सेवा के जरिए लगातार काम करते रहे।”
थिएटर से शुरू हुआ था सफर
नाना पाटेकर ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। उन्होंने 1978 में फिल्म ‘गमन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। 1989 में आई ‘परिंदा’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला।
इसके बाद 1994 में आई ‘क्रांतिवीर’ के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला। 1996 की फिल्म ‘अग्निसाक्षी’ के लिए उन्हें तीसरी बार नेशनल अवॉर्ड मिला। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, ‘अब तक छप्पन’, ‘अपहरण’ और ‘राजनीति’ शामिल हैं।
नाना ने कॉमेडी में भी अपनी अलग पहचान बनाई। 2007 की फिल्म ‘वेलकम’ में उन्होंने गैंगस्टर उदय शेट्टी का किरदार निभाया जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। उन्होंने 2015 की फिल्म ‘वेलकम बैक’ में भी इस किरदार को दोबारा निभाया।
‘नटसम्राट’ में यादगार भूमिका
मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर की सबसे चर्चित भूमिकाओं में से एक ‘नटसम्राट’ (2016) थी। इस फिल्म में उन्होंने एक रिटायर्ड थिएटर अभिनेता का किरदार निभाया था।
उन्होंने 1991 में आई फिल्म ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ का निर्देशन और लेखन भी किया था और इसमें मुख्य भूमिका भी निभाई थी। साल 2013 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
किसानों के लिए भी किया काम
फिल्मों से अलग नाना पाटेकर सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे। उन्होंने सूखे से प्रभावित किसानों की मदद के लिए अभिनेता मकरंद अनासपुरे के साथ मिलकर 2015 में नाम फाउंडेशन की शुरुआत की थी।
नाना पाटेकर का फिल्मी करियर करीब पांच दशक लंबा रहा। थिएटर से लेकर हिंदी और मराठी सिनेमा तक उन्होंने अपने अभिनय की अलग पहचान बनाई।
यह भी पढ़ें: शरद पवार को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहते थे नाना पाटेकर, कहा था- उन्हें मौका मिलना चाहिए
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन फिल्मों के साथ-साथ उनके बेबाक बयानों और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के किस्से हमेशा याद किए जाएंगे। ऐसा ही एक बयान उन्होंने शरद पवार को लेकर दिया था और कहा था कि वह पवार को देश का प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते थे।
