दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर पंचतत्व में विलीन हो गए। पुणे में बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव डोंजे में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जिस तरह उन्हें जीते जी गांव की हवा और मिट्टी भाती थी, उसी मिट्टी पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनकी पत्नी नीलकांति पाटेकर और बेटे मल्हार पाटेकर ने उन्हें मुखाग्नि दी।
नाना पाटेकर के पार्थिव शरीर को शाम करीब 5 बजे पुणे लाया गया था। जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। उनके परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार किया गया।
एक्टर के अंतिम संस्कार के बारे में जानकारी उनके सामाजिक संगठन ‘नाम फाउंडेशन’ के मेंबर ने दी थी।
यह भी पढ़ें- ‘जिंदगी उधार की है’, मौत के बाद नाना पाटेकर की ये बात हो रही वायरल
नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में 8 अक्तूबर को सुबह गोवा में निधन हो गया था। उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए ले जाया गया। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए पुणे लाया गया था।
फिल्मी दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने वाले नाना पाटेकर सामाजिक लगाव से भी लंबे समय से जुड़े रहे थे। उन्होंने सूखे की मार झेल रहे किसानों की मदद के उद्देश्य से उन्होंने अभिनेता मकरंद अनासपुरे के साथ मिलकर साल 2015 में ‘नाम फाउंडेशन’ की शुरुआत की थी।
यह भी पढ़ें- नाना पाटेकर की बात सुनकर अमिताभ बच्चन को हुआ था गर्व, गांव में साधारण जीवन जीने की बताई थी वजह
नाना पाटेकर का अभिनय सफर लगभग पांच दशकों तक फैला रहा है। थिएटर से अपने करियर की शुरुआत करने वाले नाना ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने दमदार अभिनय से अलग मुकाम हासिल किया और दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई।
नाना पाटेकर ने 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ के जरिए निर्देशन और लेखन के क्षेत्र में भी कदम रखा। इस फिल्म में उन्होंने निर्देशन और लेखन के साथ मुख्य किरदार भी निभाया था। कला और सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2013 में देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म श्री से नवाजा गया।
