नाना पाटेकर के निधन के बाद बॉलीवुड से लेकर मराठी सिनेमा तक में मातम पसरा हुआ है। 8 अक्टूबर की सुबह सिनेमा जगत और चाहनेवालों के लिए बेहद मुश्किल थी। नाना पाटेकर ने अपने गोवा स्थित घर में आखिरी सांस ली। पुणे स्थित उनके फार्महाउस में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ।

सोशल मीडिया पर फैंस समेत सेलिब्रिटीज ने नाना पाटेकर को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके व्यक्तित्व, फिल्मों, आवाज के साथ-साथ उनकी सलाह और सीख को भी याद किया। बीते 3 दशकों से नाना फिल्मी जगत का हिस्सा थे। उन्होंने फिल्मों में पुलिसवाले, क्रांतिकारी, माफिया और डॉन समेत कई बढ़िया किरदार निभाए।

‘क्रांतिवीर’, ‘परिंदा’ और ‘तिरंगा’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दर्शकों का फेवरेट बनाया। मगर वो ‘वेलकम’ थी, जिसमें उनकइ कॉमेडी को आज भी याद किया जाता है। सोशल मीडिया पर अभी भी नाना पाटेकर के ‘वेलकम’ फिल्म के सीन्स और मीम्स वायरल हो रहे हैं। फैंस अपने पसंदीदा एक्टर को याद कर आंसू बहा रहे हैं।

इस बीच फैंस डायरेक्टर अनीस बज्मी की फिल्म ‘वेलकम’ के अन्य सितारों को भी तलाश रहे हैं। हम आपको उनके बारे में बताते हैं।

फिल्म ‘वेलकम’ में अक्षय कुमार ने लीड रोल निभाया था। बॉलीवुड के खिलाड़ी कहे जाने वाले अक्षय को पिछली बार डायरेक्टर प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में देखा गया था।

उनकी हीरोइन कैटरीना कैफ थीं। संजना शेट्टी के किरदार में कैटरीना को काफी पसंद किया गया था। कैटरीना को पिछली बार फिल्म ‘टाइगर 3’ में सलमान खान के साथ देखा गया था। उन्होंने नवंबर 2025 में अपने बेटे विहान कौशल को जन्म दिया था। एक्ट्रेस इन दिनों अपने बच्चे और ब्यूटी ब्रांड पर फोकस कर रही हैं।

अनिल कपूर और नाना पाटेकर, कैटरीना के भाइयों के किरदार में थे। दोनों फिल्म में डॉन बने थे। मजनू भाई का किरदार निभाने वाले अनिल कपूर को पिछली बार फिल्म ‘सूबेदार’ में देखा गया था। इस फिल्म का हिस्सा नाना पाटेकर भी थे।

परेश रावल ने इस फिल्म में डॉक्टर घुंघरू का किरदार निभाया था। वो अक्षय कुमार के किरदार राजीव के मामा थे। परेश को पिछली बार अक्षय के साथ ही फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘भूत बंगला’ में देखा गया था। फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को छोड़ने को लेकर वो विवादों में भी रहे।

इसके अलावा ‘वेलकम’ की सपोर्टिंग कास्ट भी कमाल थी। डॉक्टर घुंघरू की पत्नी पायल का रोल एक्ट्रेस सुप्रिया कर्णिक ने निभाया था। सुप्रिया को पिछली बार 2025 में आई हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘बैडएस रवि कुमार’ में देखा गया था। साथ ही वो मराठी सिनेमा का हिस्सा भी हैं।

मल्लिका शेरावत फिल्म में नाना पाटेकर और अनिल कपूर के साथ रोमांस करती नजर आई थीं। मल्लिका ने 2024 में फिल्म ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ से अपना बॉलीवुड कमबैक किया है। इस साल उन्हें रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के सीजन 2 में देखा गया था। मल्लिका शो में अपनी बातों को लेकर चर्चा में भी रही थीं।

मुश्ताक खान ने ‘वेलकम’ में बल्लू का यादगार रोल निभा था। बल्लू, उदय भाई का आदमी है, जिसे लोगों को डराने और डॉन की अच्छाई दिखाई के लिए रखा हुआ है। मुश्ताक खान का 24 सितंबर 2026 को कैंसर से जंग के बाद निधन हो गया था। फैंस ने फिल्म के दो चहीते सितारों को दो हफ्तों के अंतराल में खो दिया।

संजय मिश्रा भी इस पिक्चर का हिस्सा थे। उन्होंने पंडित शास्त्री का रोल फिल्म में निभाया था। उन्हें पिछली बार अजय देवगन संग फिल्म ‘धमाल 4’ में देखा गया था। संजय, हिंदी के साथ-साथ रीजनल सिनेमा में भी इन दिनों छाए हुए हैं।

शेरवीर वकील ने ‘वेलकम’ में लक्की का किरदार निभाया था, जो डॉन RDX का बेटा है। उन्हें पिछली बार फिल्म ‘टूनपुर का सुपरहीरो’ में देखा गया था। अब वकील ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली है।

सीनियर एक्टर फिरोज खान और असरानी ने ‘वेलकम’ में अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिरोज को डॉन RDX के रोल में देखा गया और उनका रौब खूब पसंद भी किया गया था। वहीं असरानी अखिलेंद्र चंदेल के रोल में थे। दोनों ही सितारे अब दुनिया छोड़ चुके हैं। फिरोज का निधन अप्रैल 2009 में हुआ था। वो फेफड़ों के कैंसर से जंग लड़ रहे थे। असरानी ने अक्टूबर 2025 में लंबी बीमारी के बाद दुनिया को अलविदा कह दिया था।