अभिनेता मुकेश खन्ना अपने बेबाक अंदाज और बेधड़क बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। सामाजिक मुद्दे हों या फिल्मों और मनोरंजन जगत से जुड़े मामले, वह हमेशा खुलकर अपनी राय रखते हैं। अब एक बार फिर वह अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज से पहले मुकेश खन्ना ने धार्मिक ग्रंथों पर आधारित फिल्मों और उनमें किए जाने वाले बदलावों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

उन्होंने फिल्म ‘आदिपुरुष’ के निर्देशक ओम राउत और इसके लेखकों की आलोचना की। उनका कहना है कि फिल्मकारों को आधुनिक दर्शकों और नई पीढ़ी के नाम पर रामायण और महाभारत जैसे धार्मिक ग्रंथों की मूल भावना के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।

रामायण और महाभारत में बदलाव पर उठाए सवाल

इंडिया डॉट कॉम हिंदी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश खन्ना ने धार्मिक कहानियों को नए अंदाज में पेश करने के नाम पर उनमें बदलाव किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि रामायण और महाभारत केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास से जुड़े हुए ग्रंथ हैं। ऐसे में इन्हें पर्दे पर उतारते समय फिल्मकारों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

मुकेश खन्ना के मुताबिक, किसी कहानी को आधुनिक बनाने या नई पीढ़ी के सामने आकर्षक तरीके से पेश करने का यह मतलब नहीं है कि उसके मूल स्वरूप को ही बदल दिया जाए। फिल्मकार अपनी रचनात्मकता का इस्तेमाल जरूर कर सकते हैं, लेकिन इसकी एक सीमा होनी चाहिए। खासकर तब, जब बात भगवान राम, माता सीता, भगवान हनुमान और महाभारत के प्रमुख पात्रों की हो। इन किरदारों को लेकर दर्शकों के मन में पहले से एक छवि और भावनात्मक जुड़ाव मौजूद है। ऐसे में उनके चरित्र, संवाद और व्यक्तित्व के साथ मनमाने बदलाव करना लोगों की भावनाओं को आहत कर सकता है।

‘आदिपुरुष’ के निर्देशक ओम राउत पर साधा निशाना

मुकेश खन्ना ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ का उदाहरण देते हुए इसके निर्देशक ओम राउत और लेखकों की आलोचना की। प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म को लेकर रिलीज के समय भी काफी विवाद हुआ था। फिल्म के संवाद, किरदारों के लुक और कहानी को पेश करने के तरीके पर दर्शकों ने आपत्ति जताई थी। खासतौर पर भगवान हनुमान के संवादों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली थी। विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के कुछ संवादों में बदलाव भी किए गए थे।

यह भी पढ़ें: ‘बेबी डॉल’ सिंगर कनिका कपूर का शादी के 4 साल बाद तलाक, कौन थे पति गौतम हाथीरमानी

मुकेश खन्ना की नाराजगी भी इसी तरह के रचनात्मक बदलावों को लेकर है। उनका मानना है कि धार्मिक ग्रंथों पर फिल्म बनाने वाले लोगों को यह समझना चाहिए कि वे किसी सामान्य काल्पनिक कहानी पर काम नहीं कर रहे हैं। रामायण और महाभारत के पात्रों को लेकर लोगों की गहरी आस्था है। इसलिए फिल्मकारों को कहानी में बदलाव करने से पहले यह सोचना चाहिए कि उसका दर्शकों पर क्या असर पड़ेगा।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी उठाए सवाल

मुकेश खन्ना ने उन फिल्मकारों पर भी निशाना साधा जो अपनी रचनात्मक स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी का हवाला देकर धार्मिक कहानियों में बदलाव को सही ठहराते हैं। उनका सवाल है कि अगर किसी फिल्मकार को अपनी कहानी कहने की इतनी ही स्वतंत्रता है, तो क्या वह दूसरे धर्मों के धार्मिक प्रतीकों और मान्यताओं को लेकर भी इसी तरह का प्रयोग करने की हिम्मत दिखाए।

यह भी पढ़ें: रामायण का महा-आगाज; हॉलीवुड तकनीक, बॉलीवुड सितारे, कितनी भव्य होगी नितेश तिवारी की ‘रामायण’?

‘पद्मावती’ विवाद का भी किया जिक्र

मुकेश खन्ना ने अपने विचार रखते हुए फिल्म ‘पद्मावती’ से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले काफी विरोध हुआ था। करणी सेना सहित कई संगठनों ने फिल्म की कहानी और ऐतिहासिक तथ्यों को लेकर आपत्ति जताई थी। विरोध के बीच फिल्म का नाम बदलकर ‘पद्मावत’ किया गया था और कुछ बदलावों के बाद इसे सिनेमाघरों में रिलीज किया गया।

मुकेश खन्ना का सुझाव है कि फिल्मकारों को ऐसी परिस्थितियों से बचने के लिए फिल्म रिलीज करने से पहले ही विरोध करने वाले संगठनों और संबंधित पक्षों से बातचीत करनी चाहिए। उनके मुताबिक, अगर फिल्म की कहानी या किसी दृश्य को लेकर आपत्ति हो सकती है, तो उसे समय रहते समझने और बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जानी चाहिए।