एक दूसरे के खिलाफ बोलने के बाद विज्ञापन में साथ नजर आए मुकेश खन्ना-समय रैना
पिछले साल अपने कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर बड़े विवाद में फंसने के बाद कॉमेडियन समय रैना इस शनिवार नए सीजन के साथ लौट चुके हैं। शो के इस नए सीजन में पहले की तुलना में ज्यादा साफ-सुथरा और फिल्टर किया गया कंटेंट देखने को मिला।
पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी नजर आईं। हालांकि पहले एपिसोड को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा समय रैना और ‘शक्तिमान’ फेम अभिनेता मुकेश खन्ना के एक साथ काम करने की हो रही है। पिछले साल शो के विवाद पर समय की आलोचना करने वाले मुकेश खन्ना अब उनके साथ एक विज्ञापन में दिखाई दिए हैं।
समय रैना और मुकेश खन्ना का कोलैबोरेशन
कुछ घंटे पहले समय रैना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक विज्ञापन साझा किया, जिसमें मुकेश खन्ना भी नजर आए। वीडियो में समय फोन पर किसी से बात करते हुए कहते हैं, “थैंक्स यार, शो अब वापस आ रहा है। जैसा कि कहते हैं, अंधेरा ज्यादा समय तक नहीं टिकता।”
तभी शक्तिमान अपने मशहूर अंदाज में वहां पहुंचते हैं। उन्हें देखकर समय पूछते हैं, “सर, आप मेरी छत पर क्या कर रहे हैं?” इस पर मुकेश खन्ना जवाब देते हैं, “तेरी टेढ़ी दुम सीधी करने आया हूं, समय रैना।”
यह भी पढ़ें: ‘इसके साथ शर्म जुड़ी थी’, जब नौकरी छोड़ मुंबई पहुंचे अमोल पराशर, परिवार ने महीनों तक छिपाई सच्चाई
समय उनसे नीचे जाकर बात करने की गुजारिश करते हुए कहते हैं कि उन्हें शक्तिमान के साथ छत पर खड़े होने से डर लग रहा है। मुकेश आगे कहते हैं, “तीन एफआईआर के बाद भी लगता है तुम्हें कोई सबक नहीं मिला। अब तुम्हारा मुंह काला करना पड़ेगा।” बातचीत के दौरान वह समय की अश्लील भाषा पर भी तंज कसते हैं और कहते हैं, “तुम भारत में रहते हो, लेकिन तुम्हारे जोक्स अमेरिकी अंदाज के हैं।”
इसके बाद समय उस मोबाइल फोन का प्रचार करते हैं, जिसके लिए दोनों ने यह विज्ञापन किया है। आखिर में समय अपने एक मजाक से मुकेश खन्ना को हंसा भी देते हैं। जाते-जाते समय कहते हैं, “सॉरी, शक्तिमान।”
इस सहयोग पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “शक्तिमान भी बिक गया।” वहीं दूसरे ने कहा, “भाई अपने दुश्मनों को भी कमाई का जरिया बना देता है।” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “हेटर्स को ब्रांड डील में बदलने का टैलेंट सिर्फ समय के पास है।” वहीं कई लोगों ने इसे पूरी तरह अप्रत्याशित सहयोग बताया।
यह भी पढ़ें: IMDb रेटिंग में TVF की इस थ्रिलर सीरीज ने छोड़ा ‘पंचायत’ को पीछे, दूसरे सीजन को मिल रहा जबरदस्त प्यार
मुकेश खन्ना और समय रैना विवाद
पिछले साल ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद समय रैना के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुई थीं। उस समय मुकेश खन्ना ने भी उन पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने समय के अश्लील मजाकों की आलोचना करते हुए कहा था कि उन्हें गधे पर बैठाकर घुमाया जाना चाहिए।
अप्रैल में मुकेश खन्ना ने इंस्टाग्राम पर समय को “कुत्ते की दुम” बताते हुए लिखा था, “समय रैना कोई सामान्य प्राणी नहीं है। उसे गंदगी में भूनकर तैयार किया गया है। पूरे देश ने उसकी आलोचना की, लेकिन वह फिर लौट आया है। अब उसका मुंह काला करके उसे गधे पर बैठाकर शहर-शहर घुमाना चाहिए, जहां बच्चे उस पर टमाटर और अंडे फेंकें, क्योंकि उसने उनके सुपरहीरो शक्तिमान का अपमान किया है।”
यह टिप्पणी उस समय आई थी जब समय रैना ने कहा था कि मुकेश खन्ना इस विवाद पर टिप्पणी करके सिर्फ सुर्खियां बटोरना चाहते हैं। इसके बाद अप्रैल में ही मुकेश खन्ना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ की घोषणा पर भी प्रतिक्रिया दी थी।
उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा था कि ऐसे शो को वापस नहीं आने देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया था कि इतने बड़े विवाद के बाद भी समय रैना किस आत्मविश्वास से दूसरे सीजन की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि अश्लील तथा नीचे स्तर के मजाकों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
