एक्टर मुकेश खन्ना ने एक बार फिर कॉमेडियन समय रैना की आलोचना की है। वजह ये है कि समय ने अपने स्टैंड-अप स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’में उन पर तंज कसा था। उन्होंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बारे में मुकेश खन्ना के बयान को लेकर उनका मजाक उड़ाया था।
अब जूम को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने फिर से इस बात पर चिंता जताई कि आजकल युवा किस तरह का कंटेंट देख रहे हैं। उन्होंने कंटेंट बनाने वालों के साथ-साथ दर्शकों पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि हम इस देश के बच्चों और युवाओं को प्रभावित करते हैं। मैंने तो द कपिल शर्मा तक को मना कर दिया था, निमंत्रण मिलने के बावजूद मैं वहां नहीं गया। मैंने अपना शो द मुकेश खन्ना शो किया। मैं हमेशा कहता हूं कि इंटरव्यू गरिमा के साथ भी किए जा सकते हैं; नीचे गिरने की जरूरत नहीं है। करोड़ों की टीआरपी कोई पैमाना नहीं है, अगर कुछ अच्छा नहीं है, तो उसे कहने की हिम्मत रखो।”
इस तरह के कंटेंट की पॉपुलैरिटी पर निशाना साधते हुए खन्ना ने कहा, “सिर्फ इसलिए कि लोग देखने के लिए उतावले हैं और भीड़ जुट रही है, इसका मतलब ये नहीं कि वो सही है। आपको दर्शकों से भी सवाल करना चाहिए-वो ऐसी चीजें क्यों देख रहे हैं?”
‘पैसों के लिए युवाओं को बिगाड़ रहे हो’
खन्ना ने इस ट्रेंड को “कमर्शियल ड्रामा” बताया और आरोप लगाया कि क्रिएटर्स जिम्मेदारी से ज्यादा मुनाफे को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “ये एक कमर्शियल ड्रामा है। अगर इसे इतना ज्यादा व्यूअरशिप मिल रहा है, तो आप खुश हैं क्योंकि इससे पैसा आ रहा है। लेकिन उस पैसे के लिए आप युवाओं को बिगाड़ रहे हैं। आपके अंदर कोई ज़मीर नहीं है। आपको ये वैल्यू नहीं सिखाई गई कि मां-बाप के बारे में ऐसी गंदी भाषा इस्तेमाल नहीं करनी चाहिए।”
विवादित टिप्पणियों का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा, “आप उसे (रणवीर इलाहबादिया) डिफेंड भी कर रहे हैं, ये कहकर कि वो मेडिटेशन करता है और आपके चैनल पर आया है। आप अपने प्लेटफॉर्म पर कही गई बातों की जिम्मेदारी ले रहे हैं। आपको शर्म भी नहीं आ रही कि क्या कहा गया। वहां बैठे सब लोग हंस रहे थे-एक लड़की भी। मैं हैरान रह गया। क्या यही हमारे देश का भविष्य है?”
यह भी पढ़ें: ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के अगले दिन समय रैना ने 9 बार रिकॉर्ड की थी माफी वीडियो, अब दिखाई झलक
अभिनेता ने ये भी कहा कि पॉपुलैरिटी को क्वालिटी समझना गलत है। “अपनी टीआरपी पर घमंड मत करो। सिर्फ इसलिए कि बहुत लोग देख रहे हैं, ये मत समझो कि वो अच्छा है।”
फिल्मों का उदाहरण देते हुए खन्ना ने शाहरुख खान की फिल्म बाजीगर का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “उस फिल्म में शाहरुख खान अपनी मंगेतर को बालकनी से फेंक देता है। मैंने तब भी कहा था, अगर शाहरुख ऐसा करता है, तो लोग उसे फॉलो कर सकते हैं। अगर गुलशन ग्रोवर करता, तो उतना असर नहीं होता। जब कोई स्टार कुछ करता है, तो उसका असर पड़ता है।”
खन्ना ने ये दलील भी खारिज की कि ऐसा कंटेंट सिर्फ मनोरंजन के लिए होता है। “ये कहना कि ‘हम तो बस एंटरटेन कर रहे हैं’, अपनी जिम्मेदारी से भागना है। लोग आपको फॉलो करते हैं।”
उन्होंने समय रैना पर शक्तिमान जैसे उनके मशहूर किरदार पर निशाना साधने को लेकर भी आलोचना की। “ये मिस्टर रैना, जो ऐसे कंटेंट की जिम्मेदारी लेते हैं और दूसरों की आलोचना करते हैं, उन्होंने शक्तिमान जैसे किरदार की भी आलोचना की है। उन्हें ऐसा करने का कोई हक नहीं है।”
यह भी पढ़ें: ‘पूरा देश उनके खिलाफ खड़ा हो जाएगा’ समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ पर मुकेश खन्ना का तीखा हमला
शक्तिमान विवाद पर बोले मुकेश खन्ना
शक्तिमान की विरासत का बचाव करते हुए खन्ना ने उन दावों पर भी बात की, जिनमें शो को बच्चों के लिए हानिकारक बताया गया था।उन्होंने कहा, “उन्हें ये भी नहीं पता कि इस शो की वजह से कोई बच्चा नहीं मरा। कुछ लोगों ने ऐसी कहानी बनाने की कोशिश की थी, लेकिन मैंने तब ही साफ कर दिया था। हमने कोर्ट केस भी जीते- बेगूसराय और पुणे जैसी जगहों की रिपोर्ट गलत साबित हुई। वो घटनाएं किसी और वजह से हुई थीं, लेकिन उन्हें शक्तिमान से जोड़ दिया गया।”
उन्होंने आगे कहा, “शक्तिमान सात साल तक सफलतापूर्वक चला-यही उसकी अच्छाई, पॉपुलैरिटी और मासूमियत साबित करता है। सिर्फ अपनी बात साबित करने के लिए ऐसी बातें क्यों फैलाते हो?”
खन्ना ने कहा, “बच्चे शक्तिमान के साथ बड़े हुए—उन्होंने उसे जिया। लेकिन अगर वे इस तरह के कंटेंट के साथ बड़े होंगे, तो पूरी पीढ़ी भटक जाएगी।”
समय ने क्या कहा था?
अपने स्टैंड-अप स्पेशल में समय ने भी इस विवाद पर बात की और कहा कि लोग जल्दी-जल्दी उन्हें आलोचना करने लगे। उन्होंने कहा, “शक्तिमान आ गया था यार। शक्तिमान से कैसे लड़ेंगे? सॉरी, शक्तिमान! तूने बच्चे मारे हैं ‘फक-फक-फक’ करके, तू क्या मोरल हाई ग्राउंड लेकर बैठा है?”
ये विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक कंटेस्टेंट से उसके माता-पिता को लेकर एक आपत्तिजनक सवाल पूछा गया, जिसे कई दर्शकों ने गलत माना। इसके बाद सोशल मीडिया पर काफी विरोध हुआ और समय, रणवीर और अन्य मेहमानों के खिलाफ कई FIR भी दर्ज की गईं।
