आदित्य धर की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ। रिलीज के बाद से ही रणवीर सिंह स्टारर यह मूवी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने इस स्पाई थ्रिलर फिल्म की कास्टिंग प्रक्रिया के बारे में एक बार फिर खुलकर बात की। उन्होंने यह भी बताया कि कई अभिनेताओं ने ‘रहमान डकैत’ के लोकप्रिय किरदार को निभाने से मना कर दिया था, जिसे आखिरकार अभिनेता अक्षय खन्ना ने निभाया था। इसमें एक साउथ का अभिनेता और दो बॉलीवुड स्टार्स थे।
मुकेश छाबड़ा को ढूंढने थे नए चेहरे
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए मुकेश ने कहा, “मुझे चार घंटे तक कहानी सुनाई गई। उसके बाद मैं हैरान रह गया। मैं हिला भी नहीं और न ही कोई ब्रेक लिया। हमें पता भी नहीं चला कि समय कब बीत गया। शुरुआत में मैं थोड़ा डर गया था, भले ही मैंने पहले भी कई फिल्मों के लिए कास्टिंग की थी। मुझे बहुत सारे किरदार और नए चेहरे ढूंढने थे। यह एक बहुत बड़ी फिल्म थी।”
यह भी पढ़ें: ‘मां को ठेस पहुंचाई, महिलाओं को किए अश्लील फोन’, पीयूष मिश्रा ने सुनाई नशे के दौर की आपबीती
इसके आगे उन्होंने कहा, “अगर मैं दोनों हिस्सों को मिला लूं, तो मुझे लगभग 400 लोगों की कास्टिंग करनी पड़ी। मैंने छह लोगों की एक टीम बनाई और खोज शुरू कर दी। आदित्य ने मुझे पूरी आजादी दी और मुझसे कहा कि मैं जितना बड़ा सोच सकता हूं, उतना सोचूं। वह लोगों को चौंकाना चाहते थे। उन्हें पहले से ही विश्वास था कि यह फिल्म सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी और सभी किरदारों को बहुत प्यार मिलेगा।”
‘धुरंधर’ के लिए सबसे पहले राजी हुए थे रणवीर
मुकेश छाबड़ा ने यह भी बताया कि ‘धुरंधर’ के लिए सबसे पहले रणवीर सिंह ही राजी हुए थे। “इस प्रक्रिया के दौरान कई लोगों ने अलग-अलग किरदारों के लिए मना कर दिया, लेकिन आदित्य शांत रहे और उन्होंने मुझसे दूसरे कलाकारों को ढूंढने के लिए कहा। हमें रिसर्च करने और कलाकारों को चुनने में लगभग दो साल लग गए। हमने 2024 की शुरुआत में काम शुरू किया। हमें हमेशा से यह साफ था कि हमजा के किरदार के लिए रणवीर सिंह को ही चुना जाएगा। वह तुरंत राजी हो गए, क्योंकि वह भी एक सही फिल्म का इंतजार कर रहे थे।”
‘रहमान डकैत’ के लिए साउथ अभिनेता ने किया था मना
अक्षय खन्ना को ‘रहमान डकैत’ का विलेन वाला रोल निभाने के लिए राजी करने के बारे में पूछे जाने पर मुकेश ने जवाब दिया, “मैं किसी का नाम तो नहीं ले सकता, लेकिन 2-3 एक्टर्स ने इस रोल के लिए मना कर दिया था। मुझे पक्का यकीन है कि आज उन्हें अपने उस फैसले पर पछतावा हो रहा होगा। साउथ के एक एक्टर और बॉलीवुड के दो एक्टर्स ने बहुत ही अजीब तर्क दिए थे। उन्होंने कहा कि यह एक एनसेंबल कास्ट वाली फिल्म है और असल में यह रणवीर की फिल्म है, लेकिन आदित्य नेगेटिव बातों को जल्दी भूल जाते हैं।”
‘यालिना’ के लिए हुए थे 1000 से ज्यादा ऑडिशन
यालिना जमाली के रोल के लिए सारा अर्जुन की कास्टिंग के बारे में बात करते हुए, कास्टिंग डायरेक्टर ने बताया कि उन्हें कई एक्टर्स से मैसेज मिले थे कि उन्हें रणवीर सिंह के ऑपोजजिट कास्ट किया जाए। उन्होंने कहा, “मुझसे और आदित्य दोनों से ही इस रोल के लिए संपर्क किया जा रहा था। मैंने उनसे कहा कि हमें ऐसे किसी व्यक्ति की जरूरत होगी जिसका कोई पुराना ‘बैगेज’ न हो, इसलिए कोई बिल्कुल नया चेहरा ज्यादा बेहतर रहेगा। हर किसी को यह यकीन होना चाहिए कि यह यालिना ही है। मैं इस किरदार के लिए कास्टिंग करना चाहता था और इसे एक सरप्राइज के तौर पर रखना चाहता था। हमने उनके रोल के लिए 1000 से ज्यादा ऑडिशन लिए।”
यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ बनी दूसरे हफ्ते सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म, जानें 15 दिन का टोटल कलेक्शन
