टीवी और फिल्म अभिनेत्री मौनी रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराजी पर नाराज होती हुई नजर आ रही हैं। यह घटना मंगलवार रात की है, जब मौनी अपनी दोस्त और वीजे अनुषा दांडेकर से मिलकर वापस लौट रही थीं। कैफे में समय बिताने के बाद दोनों कार की तरफ बढ़ीं, जहां मौजूद पैपराजी लगातार उनकी तस्वीरें क्लिक कर रहे थे। लगातार कैमरों से घिरे रहने की वजह से मौनी असहज दिखीं और आखिरकार वह फोटोग्राफर्स पर भड़क गईं।

पैपराजी पर भड़कीं मौनी रॉय

वायरल वीडियो में मौनी ब्लैक ड्रेस और बेहद सिंपल नो-मेकअप लुक में नजर आ रही हैं। कार में बैठते समय वह अपने सिर पर हाथ रखकर कैमरों से बचने की कोशिश करती हुई दिखती हैं। कुछ ही देर बाद वह कार की खिड़की की तरफ मुड़कर सख्त अंदाज में कहती हैं, “बंद करो।”

यह भी पढ़ें: रानी मुखर्जी को IFFM 2026 में मिलेगा ला ट्रोब यूनिवर्सिटी का मानद ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ सम्मान

इसके बाद उनके बगल में बैठीं अनुषा दांडेकर उन्हें शांत कराने की कोशिश करती हैं और उनके हाथ पर हाथ रखती हैं। हालांकि, कुछ पल चुप रहने के बाद मौनी एक बार फिर कहती हैं, “बंद करो।” इसके बाद कार वहां से निकल जाती है। वीडियो में पीछे से कुछ पैपराजी यह कहते भी सुनाई देते हैं, “फोटो मत लो, वो मना कर रही हैं।”

निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं मौनी

मौनी रॉय पिछले कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। 14 मई को उन्होंने अपने पति सूरज नांबियार के साथ एक बयान जारी करते हुए बताया कि दोनों अलग हो रहे हैं। कपल की तरफ से जारी बयान में कहा गया था, “हमें दुख है कि हमारी निजी जिंदगी को लेकर कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा जरूरत से ज्यादा और दखल देने वाला ध्यान दिया जा रहा है।

हमने अलग होने का फैसला किया है और इस समय को निजी और शांतिपूर्ण तरीके से संभालना चाहते हैं। हमारी निजी जिंदगी को लेकर कई झूठी और मनगढ़ंत बातें फैलाई गई हैं, जो हमारे रिश्ते की सच्चाई को नहीं दर्शातीं। काफी सोच-विचार के बाद हमने आपसी सम्मान और समझदारी के साथ अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है।” बता दें कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने जनवरी 2022 में शादी की थी। शादी के चार साल बाद दोनों ने अपने अलग होने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें: ‘यह लड़ाई आगे तक लड़नी है’, शबाना आजमी ने की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील, सोनी राजदान ने भी किया पोस्ट