टीवी और बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके और पति सूरज नांबियार के रिश्ते में दरार की खबरें वायरल हो रही थीं। अब एक्ट्रेस ने चुप्पी तोड़ते हुए फैंस को जानकारी दी है कि वो और उनके पति आपसी सहमति से अलग हो चुके हैं।

मौनी रॉय और सूरज नांबियार के इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो करने और कुछ तस्वीरें हटाने के बाद अलगाव की अटकलें तेज हो गई थीं।

अब मौनी रॉय ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि उनके और सूरज के रिश्ते को लेकर कोई भी फॉल्स नैरेटिव न फैलाया जाए। मौनी ने लिखा कि उन्हें और उनके परिवार को थोड़ा स्पेस और प्राइवेसी दी जाए।

पोस्ट के कैप्शन में मौनी ने लिखा, “हम सभी से विनम्र निवेदन करते हैं कि हमें निजता और सम्मान दें और मेरे या सूरज के बारे में कोई भी झूठी खबर न फैलाएं। इन कठिन समय में आप सभी से निजता की अपेक्षा करते हैं। सभी मीडिया संस्थानों से विनम्र निवेदन है कि कृपया ऐसी खबरें फैलाना बंद करें। प्यार सहित। सूरज और मौनी।”

पोस्ट में अपने और सूरज की तरफ से लिखते हुए मौनी ने कहा कि मीडिया उनकी निजी जिंदगी में बेवजह दखल दे रहा है। दोनों ने बताया कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है और इस समय को निजी तौर पर संभालना चाहते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके रिश्ते को लेकर झूठी और बढ़ा-चढ़ाकर बनाई गई कहानियां फैलाई जा रही हैं, जो सच नहीं हैं। काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने सम्मान और समझदारी के साथ अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है।

बयान में आगे लिखा है कि वे इस मुश्किल दौर को शांति और प्राइवेसी के साथ बिताना चाहते हैं और आने वाले समय में अपनी दोस्ती को बनाए रखने की कोशिश करेंगे। अंत में उन्होंने लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने और सपोर्ट देने की अपील की है।

बता दें कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने जनवरी 2022 में गोवा में पारंपरिक बंगाली और मलयाली रीति-रिवाजों से शादी की थी। दोनों की जोड़ी को फैंस काफी पसंद करते थे और अक्सर सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल होती रहती थीं।