प्रयागराज के महाकुंभ मेले से वायरल हुई 18 साल की मोनालिसा भोंसले ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। दोनों ने केरल के नयनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। शादी के बाद दोनों ने तिरुवनंतपुरम में पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की।
मोनालिसा और फरमान खान की शादी को कई लोगों ने लव जिहाद कहा, मीडिया से बात करते हुए मोनालिसा ने इसका जवाब दिया और कहा कि यह लव जिहाद का मामला नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने धर्म परिवर्तन नहीं किया है और दोनों एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं।
इस मामले पर मोनालिसा को अपनी फिल्म डायरी ऑफ मणिपुर में लेने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा काफी नाराज़ और दुखी नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर बोलने के कारण उन्हें फोन पर धमकियां मिल रही हैं। उनका दावा है कि कुछ लोग उन्हें चुप रहने के लिए सिर काटने तक की धमकी दे रहे हैं।
फिल्म का प्लॉट भूल गए याद रह गई ‘कौआ बिरयानी’, जब साइड कैरेक्टर ले गया सारी लाइमलाइट
सनोज मिश्रा का कहना है कि उन्हें और मोनालिसा के परिवार को पहले से उसके रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, मोनालिसा भोली थी और उसे बहकाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी फिल्म धर्मांतरण के मुद्दे पर है और कुछ लोग चाहते थे कि यह फिल्म न बने, इसलिए ऐसा किया गया।
डायरेक्टर ने यह भी बताया कि इस फिल्म को बनाने के लिए उन्होंने काफी कर्ज लिया है और अब उन्हें चिंता है कि कहीं यह फैसला उनके लिए भारी न पड़ जाए।
वहीं दूसरी तरफ मोनालिसा का कहना है कि शादी का फैसला उन्होंने अपनी मर्जी से लिया है। उन्होंने बताया कि फरमान पहले शादी के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने ही उन्हें मनाया। मोनालिसा के अनुसार दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और किसी का धर्म बदलने का इरादा नहीं है।
मोनालिसा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके माता-पिता उनकी शादी किसी और से कराना चाहते थे। उनके मुताबिक, जिस लड़के से शादी कराने की बात हो रही थी वह उनकी बुआ का बेटा था।
मोनालिसा के पिता केरल उनके साथ आए थे, लेकिन शादी में शामिल नहीं हुए। हालांकि उन्हें इस शादी के बारे में जानकारी है और फिलहाल वह इस फैसले से खुश नहीं हैं।
मोनालिसा भोंसले इंदौर की रहने वाली हैं और पिछले साल प्रयागराज के कुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए उनका वीडियो वायरल होने के बाद वह चर्चा में आ गई थीं। वहीं उनके पति फरमान खान उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले हैं और हिंदी, मलयालम और तमिल फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया है कि वह जल्द ही एक नई मलयालम फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।
