‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कार्तिक का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर मोहसिन खान ने शनिवार को अपने फैंस को सरप्राइज कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी सगाई की जानकारी दी। मोहसिन ने तमन्ना के साथ सगाई की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह अपनी सगाई की अंगूठी को फ्लॉन्ट की है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी के लिए एक प्यारा सा नोट भी लिखा। इन तस्वीरों में मोहसिन अपनी मंगेतर के साथ काफी खुश नजर आ रहे हैं।

मोहसिन खान ने बताई अपनी लव स्टोरी

इंस्टाग्राम पर लगभग 12 तस्वीरें शेयर करते हुए मोहसिन खान ने लिखा, “अल्लाहुम्मा बारिक या अल्लाह, ये पागल, खूबसूरत, कॉन्फिडेंट और सेंसिटिव लड़की, जो हमेशा हंसती, मजाक करती, उम्मीद और दुआ करती, हमेशा डांस और गाना गाती है, वो मेरे लिए आसमान में लिखी गई थी। जब हमने पहली बार एक-दूसरे को देखा, पहली बार मैंने तुम्हारा हाथ पकड़ा और पहली बार तुमने ‘हम तो भाई जैसे हैं वैसे रहेंगे’ गाना गाया। तभी मुझे लगा कि मेरे अंदर कुछ बदल गया है। मुझे मेरा इंसान मिल गया था।”

यह भी पढ़ें: “चीनी महंगी तो रक्षाबंधन पर नमक चाट लो”, नेहा सिंह राठौर का मोदी सरकार पर तंज, देश में बढ़ती शुगर कीमतों पर व्यंग्य

मोहसिन ने आगे लिखा, “मुझे हमेशा कहा गया था कि जब आपका हमेशा साथ रहने वाला इंसान आपकी जिंदगी में आएगा, तो यह फैसला एक साथ सबसे आसान और सबसे जरूरी लगेगा। शायद हमारी कहानी पहले से ही सितारों में लिखी थी। शायद जिंदगी में एक बार दो लोग एक-दूसरे को ठीक उसी वक्त मिलते हैं, जब उन्हें मिलना होता है।”

एक्टर ने आगे लिखा, “जब हम अपनी जिंदगी की इस नई शुरुआत की तरफ बढ़ रहे हैं, जो प्यार, दोस्ती और जिंदगी भर की यादों से भरी होगी… तो मुझे तुम्हारी पसंदीदा फिल्म की एक लाइन याद आती है, मेरी जान: ‘मोहब्बत क्या होती है ये तो मैं नहीं जानता, लेकिन इसके लिए दिल से एक दुआ जरूर निकलती है कि इसकी आंखों में कभी आंसू ना आएं… हमेशा हंसती रहे… अब इसे मोहब्बत कहें तो मोहब्बत सही।’

हमने जितने वादे किए हैं और जितने सपने अभी देखने बाकी हैं, उनमें शायद सबसे खूबसूरत यही है कि हमें एक-दूसरे में अपना घर मिल गया। हम दोनों और हमारी हमेशा की इस नई शुरुआत के नाम।” मोहसिन ने लास्ट में लिखा, “एक ऐसी लड़की जिसके लिए मैंने दुआ की थी, एक ऐसा तोहफा जो अल्लाह ने मेरे लिए लिखा था और एक हमेशा का साथ, जिसका मैं इंतजार नहीं कर सकता। आखिरकार मुझे मेरी मिसेज खान मिल गईं।”

इन स्टार्स ने दी मोहसिन और तमन्ना को बधाई

मोहसिन और तमन्ना की सगाई पर दिव्यांका त्रिपाठी दहिया, स्टिबेन बेन, श्रद्धा आर्या, अद्रिजा रॉय, ईशा सिंह समेत कई सेलेब्स ने उन्हें बधाई दी।

एक्टिंग के अलावा ये ब्रांड भी संभालते हैं मोहसिन

मोहसिन खान साल 2021 में ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ छोड़ने के बाद से टीवी से दूर हैं। साल 2024 में वह एक वेब सीरीज में नजर आए थे। एक्टिंग के अलावा मोहसिन अपना फ्रेगरेंस ब्रांड ‘वेलायर’ भी चलाते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘टॉक्सिक’ इवेंट में हुआ बड़ा हादसा, लाउडस्पीकर स्टैंड गिरने के बाद चार लोग हुए घायल, यश ने बीच में रोका शो