फिल्म ‘जेलर 2’ में मोहनलाल के कॉस्ट्यूम डिजाइनर जिशाद शम्सुद्दीन फिल्म से नाराज हैं। उनका कहना है कि मोहनलाल के लिए तैयार किए गए तीन अलग-अलग लुक फिल्म में नहीं दिखाए गए। इसके अलावा, ट्रेलर में नजर आया एक सीन भी फिल्म में छोटा कर दिया गया। जिशाद ने साफ कहा है कि अगर ‘जेलर 3’ बनती है, तो वह इसमें काम नहीं करेंगे।
साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘जेलर’ में मोहनलाल ने मैथ्यू का रोल निभाया था। फिल्म में वह रंगीन शर्ट और चश्मा पहने एक तस्कर बने थे, जो रजनीकांत के किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन का दोस्त था। ‘जेलर 2’ में भी मोहनलाल इसी किरदार में नजर आए हैं। फिल्म के क्लाइमैक्स में उनका एक अहम सीन है। हालांकि, जिशाद का कहना है कि उन्होंने मोहनलाल के लिए जो लुक तैयार किए थे, उनमें से कई को फिल्म में शामिल नहीं किया गया।
‘जेलर 2’ के मेकर्स पर जिशाद शम्सुद्दीन ने जताई नाराजगी
जिशाद शम्सुद्दीन ने गुरुवार शाम इंस्टाग्राम पर मोहनलाल के किरदार के लिए तैयार किए गए कई लुक की तस्वीरों के साथ एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान फिल्माए गए सीन को देखकर उन्हें अपने काम पर पूरा भरोसा था। ट्रेलर में मोहनलाल की सिर्फ दो सेकंड की झलक दिखाए जाने के बावजूद उन्हें उम्मीद थी कि फिल्म में उनके किरदार को सही जगह मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Jailer 2 Movie Review: धुआंधार एक्शन–जबरदस्त ट्विस्ट से भरी है ‘जेलर 2’, रजनीकांत का सिनेमा करेगा दिल खुश
जिशाद ने लिखा, “जो लोग मुझे प्यार करते हैं और मेरा साथ देते हैं, उन सभी के साथ मैं एक जरूरी बात साझा करना चाहता हूं। ‘जेलर 2’ की रिलीज के बाद मैं यह बात कहना चाहता हूं। शूटिंग के दौरान जो कुछ फिल्माया गया था, उसे देखकर मुझे अपने काम पर पूरा भरोसा था। ऐसा तब भी था, जब ट्रेलर में मोहनलाल सर की सिर्फ दो सेकंड की झलक दिखाई गई थी। लेकिन फिल्म रिलीज होने के बाद पता चला कि मोहनलाल सर के तीन अलग-अलग लुक पूरी तरह हटा दिए गए हैं। ट्रेलर में दिखाया गया वह सीन भी छोटा कर दिया गया।”
तीसरे पार्ट में काम नहीं करेंगे डिजाइनर
जिशाद ने कहा कि उनके अनुभव के मुताबिक, मोहनलाल जैसे सुपरस्टार से जुड़े सीन को इस तरह छोटा करना सही नहीं है। उन्होंने साफ कर दिया कि अगर ‘जेलर’ फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट बनता है, तो वह उसमें काम नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें: धनुष ने किया रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का रिव्यू, थलाइव के फैंस के लिए बताया ब्लॉक्बस्टर फीस्ट
उन्होंने लिखा, “सिनेमा में अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि मोहनलाल सर जैसे सुपरस्टार के सीन को छोटा करना बिल्कुल जरूरी नहीं था। अपने सुपरस्टार को इस तरह सीमित होते देखकर मुझे दुख हुआ है। अगर इसका अगला पार्ट बनता है, तो मैं उसका हिस्सा नहीं बनूंगा। मुझ पर भरोसा करने वाले सभी लोगों से मैं माफी मांगता हूं।”
डिजाइनर ने आगे कहा कि उनके लिए किसी की मेहरबानी, मुनाफा, करोड़ों के बॉक्स ऑफिस क्लब या स्टारडम से ज्यादा अहमियत प्रशंसकों और कला की है। उन्होंने लिखा, “मैं किसी एहसान, मुनाफे, करोड़ों के क्लब या स्टारडम के लिए काम नहीं करता। मैं सिर्फ प्रशंसकों, कला से प्यार करने वाले लोगों और मोहनलाल सर के लिए खड़ा हूं। मेरी इस यात्रा में हमेशा मेरा साथ देने के लिए आप सभी का शुक्रिया।”
