मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में होने वाले एक स्टेज शो के ऑर्गनाइजर और वहां पहुंचे लोगों से माफी मांगी। दरअसल, अभिनेता वीजा नहीं मिलने की वजह से वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। सिंगापुर में रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो मैसेज में मोहनलाल ने इवेंट में शामिल न हो पाने पर निराशा जताई और कहा कि वह इस स्थिति के लिए किसी को दोष नहीं देना चाहते।
क्या बोले अभिनेता मोहनलाल?
मोहनलाल के सिडनी नहीं पहुंच पाने के बाद यह कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं आपसे सिंगापुर से बात कर रहा हूं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि अपना दुख कैसे व्यक्त करूं। मैं बहुत दुखी हूं। फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखे मुझे करीब 50 साल हो चुके हैं। शायद मैं भारत का वह अभिनेता हूं जिसने सबसे ज्यादा स्टेज शो किए हैं।”
मोहनलाल ने बताया कि इस साल उन्होंने अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन और आयरलैंड में कई शो किए हैं। सिडनी के शो की भी अच्छी तैयारी की गई थी और इसका कॉन्सेप्ट भी काफी अच्छा था। अभिनेता ने आगे कहा, “मेरे साथ जो लोग हैं, जिनमें के. एस. चित्रा भी शामिल हैं, वे सभी वहां मौजूद हैं। लेकिन पता नहीं कैसे यह सब हो गया। अपनी जिंदगी में पहली बार मुझे वीजा नहीं मिला। मुझे नहीं पता ऐसा कैसे हुआ। यह कोई तकनीकी या क्लेरिकल गलती हो सकती है, या फिर AI से जुड़ी कोई समस्या। मैं इसके बारे में ज्यादा जानकारी में नहीं जाना चाहता।”
मोहनलाल ने ली पूरी जिम्मेदारी
स्थिति की जिम्मेदारी लेते हुए मोहनलाल ने कहा, “मैं सारी जिम्मेदारी खुद ले रहा हूं। मैं आपको बता रहा हूं कि यह मेरी गलती है। मुझे इसके लिए बहुत अफसोस है।” एक्टर ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजकों और उनकी टीम ने हर संभव कोशिश की थी। मोहनलाल ने कहा, “बाकी सभी लोग वहां हैं। इस शो को संभव बनाने के लिए सभी ने हर तरह से मेहनत की, खासकर कायल इवेंट्स के विमल और उनके ऑफिस ने। हम सभी ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की।”
अभिनेता ने आगे कहा, “आप में से हर उस व्यक्ति से, जो दूर से गाड़ी चलाकर इस शो को देखने आया था, मैं दिल से माफी मांगता हूं।” मोहनलाल ने वादा किया कि वह अपनी उसी टीम के साथ दोबारा सिडनी आएंगे और वहां शानदार शो करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं वादा करता हूं कि हम उसी टीम के साथ वापस आएंगे और आपके सामने एक शानदार शो करेंगे। मुझे बहुत अफसोस है। आप सभी से मैं दिल से माफी मांगता हूं। मुझे सच में बहुत अफसोस है और मैं इस समय बेबस हूं। कृपया मेरी माफी स्वीकार करें।”
यह भी पढ़ें: Toxic Trailer: यश का डार्क अवतार देख दंग रह जाएंगे, ट्रेलर में भरपूर एक्शन और सस्पेंस बरकरार
