‘जेलर 2’ के साथ दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती एक दशक से ज्यादा समय बाद तमिल सिनेमा में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में रजनीकांत मुख्य भूमिका में हैं, हालांकि फिल्म में मिथुन के किरदार को लेकर मेकर्स ने अभी तक ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। मगर इस किरदार के लिए मिथुन ने मेकर्स के सामने बड़ी शर्त रखी थी, जिसके बारे में रजनीकांत ने खुलासा किया है।
हाल ही में आयोजित ‘जेलर 2 सुपर शो’ के दौरान रजनीकांत ने बताया कि मिथुन उनके बहुत अच्छे दोस्त हैं। जब फिल्म की टीम मिथुन के पास पहुंची और उन्हें फिल्म में काम करने का ऑफर दिया, तो उन्होंने सबसे पहले अपने किरदार के बारे में पूछा।
इसके अलावा रजनीकांत ने ये भी बताआ कि इस फिल्म के लिए मिथुन पहले मेकर्स के सामने एक शर्त रखी थी। मिथुन चाहते थे कि फिल्म में रजनीकांत का किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन न तो उन्हें मारे और न ही उन पर गोली चलाए।
शुरुआत में फिल्म के लिए राजी नहीं हुए मिथुन चक्रवर्ती
रजनीकांत ने कहा, “उन्होंने पूछा कि फिल्म में उनका किरदार क्या होगा? क्या वह विलेन हैं? क्या उन्हें रजनीकांत से मार खानी पड़ेगी? उन्होंने कहा, “यहां से जाओ।'” रजनीकांत ने आगे बताया कि बाद में वह वेव्स समिट के एक कार्यक्रम में मिथुन चक्रवर्ती से मिले। इस दौरान दोनों के बीच ‘जेलर 2’ में काम करने को लेकर बातचीत हुई।
यह भी पढ़ें: रजनीकांत ने तमन्ना भाटिया के ‘जेलर 2’ में ना रहने की बताई वजह, करना चाहते थे एक गाना लेकिन…
अपने किरदार के लिए मिथुन ने रखी शर्त
रजनीकांत के मुताबिक, मिथुन ने उनसे कहा, “अगर आप कहेंगे, तो मैं यह फिल्म कर लूंगा।” हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने अपनी शर्त भी रख दी। मिथुन ने कहा, “आप न तो मुझे मारेंगे और न ही मुझ पर गोली चलाएंगे।” इस पर रजनीकांत ने जवाब दिया कि वह निर्देशक से बात करके उन्हें बताएंगे। हालांकि, सुपरस्टार को लगा कि मिथुन यह बात सिर्फ मजाक में कह रहे थे।
मिथुन चक्रवर्ती ने साल 2015 में फिल्म ‘यगावरायिनुम ना काक्का’ से तमिल सिनेमा में कदम रखा था। इसके बाद वह अब ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। यह फिल्म रजनीकांत के साथ उनकी पुरानी दोस्ती को भी दिखाती है।
यह भी पढ़ें: अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को बंगाल सरकार में मिली नई जिम्मेदारी, कैबिनेट रैंक का दर्जा
दोनों इससे पहले 1989 में निर्देशक रमेश सिप्पी की फिल्म ‘भ्रष्टाचार’ में साथ काम कर चुके हैं। वहीं, रजनीकांत ने 1995 में बंगाली फिल्म ‘भाग्य देवता’ में भी खास भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती और ऋतुपर्णा सेनगुप्ता मुख्य भूमिकाओं में थे।
वहीं बात ‘जेलर 2’ के बारे में करें तो इस फिल्म में तीन दादासाहेब फाल्के पुरस्कार विजेता अभिनेता रजनीकांत, मिथुन चक्रवर्ती और मोहनलाल एक साथ नजर आएंगे। इनके अलावा राम्या कृष्णन, एसजे सूर्या, सूरज वेंजारामूडू और विद्या बालन भी फिल्म में अहम किरदार निभाने वाले हैं। वहीं, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ पहली फिल्म की तरह इस बार भी कैमियो करते नजर आएंगे। ‘जेलर 2’ गुरुवार, 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
