बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी चक्रवर्ती ने अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड माइल्स मंटजारिस से सगाई कर ली है। दिशानी ने सोशल मीडिया पर अपने मंगेतर के साथ रोमांटिक तस्वीरें शेयर कर इस खुशखबरी का ऐलान किया है।

दिशानी ने इंस्टाग्राम पर 12 जून 2026 की तारीख साझा करते हुए लिखा, “यह अब तक का सबसे आसान अनुभव रहा है।” तस्वीरों में माइल्स समुद्र किनारे घुटनों पर बैठकर उन्हें प्रपोज करते नजर आ रहे हैं। सूरजमुखी के फूल और मोमबत्तियों से सजे खूबसूरत सेटअप के बीच दोनों ने अपने रिश्ते को नई पहचान दी है।

दोनों की तस्वीरों में तमाम लोगों ने बधाई दी है। मिथुन चक्रवर्ती के बेटे और दिशानी के भाई, एक्टर मिमोह चक्रवर्ती ने कमेंट सेक्शन में कई हार्ट इमोजी पोस्ट किए। एक्टर सेलिना जेटली ने भी इस पोस्ट को लाइक किया। हालांकि मिथुन की तरफ से अब तक बेटी की इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

आखिर कौन हैं मिथुन चक्रवर्ती के होने वाले दामाद?

माइल्स मंटजारिस पेशे से स्टेडीकैम ऑपरेटर और कलरिस्ट हैं। वह फिल्म और विजुअल प्रोडक्शन इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। हालांकि वह ग्लैमर की दुनिया से दूर रहते हैं, लेकिन दिशानी के साथ उनकी जोड़ी सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है।

यह भी पढ़ें: ‘जो कुछ भी मुझसे छूट गया है…’, अरिजीत सिंह के बाद, प्रीतम ने दिया मेनस्ट्रीम म्यूजिक से ब्रेक लेने का हिंट

बता दें कि दिशानी, मिथुन चक्रवर्ती और उनकी पत्नी योगिता बाली की गोद ली हुई बेटी हैं। परिवार में उनके तीन भाई भी हैं, मिमोह चक्रवर्ती, उश्मेय और नमाशी।

यह भी पढ़ें: ‘बेटों को गड्ढे में डाल दें क्या’, जब महिला का लड़कों की सुरक्षा पर सवाल सुन कन्फयूज हो गई ऋचा चड्ढा

2021 में ईटाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में दिशानी ने अपने पिता मिथुन से मिली सबसे अच्छी सलाह के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा, “मेरे पिता से मिली बेहतरीन सलाहों पर मैं एक किताब लिख सकती हूँ। लेकिन एक सलाह जो उन्होंने हमेशा मुझे और मेरे भाइयों को दी है, वह है काम के प्रति अच्छी नैतिकता रखना और साथ ही एक अच्छा इंसान बने रहना। मुझे लगता है कि इंडस्ट्री में बहुत से लोग इनमें से किसी एक चीज़ को खो देते हैं, और मेरा सच में मानना ​​है कि मेरे पिता आज जो कुछ भी हैं, वह उनके बेहतरीन काम के प्रति नैतिकता और उदार दिल की वजह से ही हैं।”

वहीं, काम की बात करें तो मिथुन अगली बार ‘बंटवारा 1947’ में नजर आएंगे। यह फ़िल्म 13 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उनके पास रजनीकांत की ‘जेलर 2’ भी है।